मुख्यमंत्री ने परिवादी से किया संवाद, दो घंटे में हुआ परिवेदना का निस्तारण

ram

जयपुर। प्रदेश में सुशासन और आमजन को त्वरित राहत देने की दिशा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक बार फिर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। संपर्क पोर्टल पर दर्ज एक परिवेदना पर मुख्यमंत्री ने स्वयं परिवादी से बात कर समस्या जानी, जिसके बाद जिला प्रशासन डूंगरपुर ने तत्परता दिखाते हुए मात्र दो घंटे में ही परिवेदना का निस्तारण कर दिया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों के त्वरित समाधान और परिवादियों से सीधे संवाद की अनूठी पहल की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने डूंगरपुर जिले की साबला तहसील के बोडीगाम छोटा निवासी जितेंद्र सिंह से संपर्क किया। परिवादी जितेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने अपने बच्चों संयम एवं क्रिया के मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सात दिन पूर्व आवेदन किया था, लेकिन प्रमाण पत्र जारी नहीं होने पर उन्होंने संपर्क पोर्टल पर परिवेदना दर्ज करवाई थी। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा इस संबंध में जिला कलेक्टर डूंगरपुर अंकित कुमार सिंह को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर ने तत्काल कार्यवाही करते हुए मात्र दो घंटे के भीतर मूल निवास प्रमाण पत्र एवं जाति प्रमाण पत्र जारी करवा दिए। जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने बताया कि परिवादी द्वारा गुरुवार को संपर्क पोर्टल पर परिवेदना प्रस्तुत की गई थी। शुक्रवार को दोपहर करीब तीन बजे मुख्यमंत्री कार्यालय से सूचना प्राप्त होते ही संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए, जिसके परिणामस्वरूप उसी दिन हाथों-हाथ प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए। परिवादी जितेंद्र सिंह ने त्वरित कार्यवाही और राहत मिलने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *