झालावाड़। अतिरिक्त संभागीय आयुक्त, कोटा श्रीमती ममता कुमारी तिवारी, द्वारा आज सोमवार को कार्यालय तहसीलदार खानपुर एवं असनावर का निरीक्षण किया गया। इसके साथ सी.एच.सी सरोलाकलां एवं अन्नपूर्णा रसोई सरोलाकला का भी औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार असनावर एवं खानपुर को सीमाज्ञान के प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण एवं नामान्तरण के बकाया मामलो में नियमानुसार अविलम्ब कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही भू-राजस्व अधिनियम की धारा 91 के अन्तर्गत अतिक्रमियों के विरूद्ध कार्यवाही के साथ-साथ पश्चात्वृति अतिक्रमियों को विधि सम्मत सिविल कारावास की सजा संबंधी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। अतिरिक्त संभागीय आयुक्त, कोटा द्वारा तहसीलदार खानपुर को भूमि रूपान्तरण के बकाया प्रकरणो का निर्धारित समयावधि में निस्तारण करने हेतु भी निर्देशित किया गया। अन्नपूर्णा रसोई के निरीक्षण के दौरान रसोई संचालक को खाने की गुणवत्ता में सुधार करने एवं बर्तनों व बैठने के मेज-कुर्सी की उचित साफ-सफाई रखने के निर्देश दिये गए। अन्नपूर्णा रसोई के संबंध में राज्य सरकार द्वारा दिये गये दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए। सामुदायिक स्वास्थय केन्द्र सरोलाकलां के औचक निरीक्षण में परिसर में साफ-सफाई का अभाव पाये जाने पर प्रभारी अधिकारी को समुचित साफ-सफाई हेतु निर्देशित किया गया। सामुदायिक स्वास्थय केन्द्र में भर्ती मरीजों एवं तीमारदारों से वार्ता की गयी। उनके द्वारा सामुदायिक स्वास्थय केन्द्र की चिकित्सा सेवाओं एवं चिकित्सको एवं अन्य स्टाफ के व्यवहार पर संतुष्टि व्यक्त की गयी।

काश्तकारो के सीमाज्ञान एवं नामान्तरण प्रकरणों का त्वरित एवं संवेदनशीलता से हो निस्तारण – अतिरिक्त संभागीय आयुक्त
ram


