शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के

ram

नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में कुछ तेजी भी आई। हालांकि थोड़ी ही देर बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों की कमजोरी और बढ़ती चली गई। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.99 प्रतिशत और निफ्टी 1.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

आज सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी लाइफ, भारती एयरटेल और अपोलो हॉस्पिटल के शेयर 0.84 प्रतिशत से लेकर 0.04 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, इंफोसिस, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजी और विप्रो के शेयर 5.77 प्रतिशत से लेकर 3.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,660 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 440 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,220 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 3 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 27 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 6 शेयर हरे निशान में और 44 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 772.19 अंक की कमजोरी के साथ 82,902.73 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से यह सूचकांक उछल कर 83,079.70 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण पहले आधे घंटे के कारोबार में ही सेंसेक्स गिर कर 82,791.52 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में मामूली सुधार होता हुआ नजर आया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 833.12 अंक लुढ़क कर 84,841.80 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 236.05 अंक टूट कर 25,571.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद खरीदारी का सपोर्ट मिलने से थोड़ी ही देर में यह सूचकांक उछल कर 25,630.35 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिससे निफ्टी की कमजोरी बढ़ती गई। बिकवाली के दबाव के कारण पहले आधे घंटे के कारोबार में ही यह सूचकांक 25,525.45 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर बाजार को सहारा देने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की चाल में मामूली सुधार भी हुआ। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 263.80 अंक की गिरावट के साथ 25,543.40 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 558.72 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 83,674.92 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 146.65 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,807.20 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *