जयपुर। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि पेयजल से संबंधित कार्यों में लापरवाही बरतने वाली निजी कंपनियों पर राज्य सरकार सख्त है। प्रदेश में पेयजल से संबंधित ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस के कार्यों में लापरवाही बरतने वाली निजी कंपनियों के साथ जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों तथा निजी कंपनी के अधिकारियों की बैठक आयोजित कर विभिन्न विषयों का निस्तारण करवाया जाएगा।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि विधान सभा क्षेत्र डेगाना में तहसील सांजू मुख्यालय कनिष्ठ अभियंता अनुभाग डेगाना के क्षेत्रान्तर्गत आता है। वर्तमान में तहसील सांजू मुख्यालय पर पृथक से विभागीय कनिष्ठ अभियंता पदस्थापित नहीं है। सांजू तहसील मुख्यालय पर नवीन कनिष्ठ अभियंता का पद स्वीकृत करने के लिए कार्यभार का पुन: आकलन कर आवश्यकतानुसार विचार किया जाएगा।
इससे पहले विधायक अजय सिंह के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने बताया कि वर्तमान में सांजू कस्बा की पेयजल व्यवस्था सुचारू रूप से बनाये रखने का कार्य विभागीय उपखण्ड कार्यालय डेगाना द्वारा किया जा रहा है। सहायक अभियंता उपखण्ड डेगाना के अंतर्गत वर्तमान में 2 कनिष्ठ अभियंता अनुभाग डेगाना एवं बुटाटी कार्यरत हैं। कनिष्ठ अभियंता डेगाना द्वारा विधानसभा क्षेत्र डेगाना के एक शहर डेगाना व 92 ग्रामों की पेयजल व्यवस्था तथा कनिष्ठ अभियंता बुटाटी द्वारा विधानसभा क्षेत्र डेगाना के 65 ग्रामों की पेयजल व्यवस्था के संचालन एवं संधारण का कार्य किया जा रहा है।


