रामपुर। सपा नेता आजम खान 23 महीने बाद सीतापुर जेल से मंगलवार दोपहर रिहा हो गए। 5 दिन पहले हाईकोर्ट ने उन्हें बीयर बार पर कब्जे से जुड़े केस में जमानत दी थी। यह आखिरी मामला था, जिसमें उन्हें जमानत मिली। हालांकि, जमानत मिलते ही पुलिस ने शत्रु संपत्ति मामले में नई धाराएं जोड़ दीं। 20 सितंबर को रामपुर कोर्ट ने ये धाराएं खारिज कर दीं, जिससे रिहाई का रास्ता साफ हो गया। आजम पर 104 केस दर्ज हैं। दोनों बेटे अदीब और अब्दुल्ला उन्हें लेने पहुंचे। वे 100 गाड़ियों के काफिले के साथ यहां से रामपुर के लिए रवाना हो गए। आजम की रिहाई सुबह 9 बजे होनी थी, लेकिन एक केस में 6 हजार जुर्माना नहीं भरा गया था। 10 बजे कोर्ट खुलने पर यह रकम जमा हुई। इसके बाद 12.30 बजे उनकी रिहाई हुई।
400 कार्यकर्ता लेने पहुंचे, 73 गाड़ियों का चालान कटा
आजम काला चश्मा, काली सदरी और सफेद कुर्ता पहने कार में ही बैठकर जेल से बाहर आए। हाथ हिलाकर समर्थकों का अभिवादन किया। उन्हें लेने के लिए मुरादाबाद सांसद रुचि वीरा और 400 से ज्यादा कार्यकर्ता पहुंचे। पुलिस ने 73 कार्यकर्ताओं की गाड़ियों का चालान भी काटा। कहा- ये सब नो पार्किंग जोन में खड़ी थीं। शाहजहांपुर पहुंचे आजम, कार्यकर्ताओं से हाथ मिलाया आजम खान शाहजहांपुर पहुंच गए हैं। यहां कार्यकर्ताओं को देखकर उन्होंने काफिला रुकवाया। कार्यकर्ताओं से हाथ मिलाया और उनका हालचाल पूछा। इसके बाद आगे बढ़े।
आजम को भाजपा ने न जेल भिजवाया, न ही छुड़वाया
भाजपा नेता अपर्णा यादव ने कहा- आजम खान की रिहाई हुई है तो कोर्ट का जो निर्णय होगा, उसका सभी को सम्मान करना चाहिए। इसमें भाजपा का कोई लेना देना नहीं है। भाजपा ने न उन्हें जेल भिजवाया और न उन्हें छुड़वाया।
आजम खान किस पार्टी में जाएंगे, यह तो वही तय करेंगे- यूपी भाजपा अध्यक्ष
यूपी भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा- आजम खान सपा के संस्थापक सदस्य हैं। वह कहां जाएंगे, यह तो वही तय करेंगे। यह सब अफवाह है कि वह भाजपा के इशारे पर बसपा में जा रहे हैं। देश में और प्रदेश में कानून का राज है, कोर्ट के आदेश से वह जेल से रिहा हुए हैं।
अखिलेश बोले- आजम को मुसलमान होने की सजा मिली
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आजम खान की रिहाई को लेकर कहा- उन्हें झूठे केस में फंसाया गया था। आज वह जेल से रिहा हुए। सभी के लिए खुशी का दिन है। आने वाले समय में सभी केस खत्म होंगे। हर फर्जी केस सपा सरकार में वापस लिया जाएगा। मैं ही नहीं, भाजपा में बैठे लोगों ने भी कहा है कि आजम खान को मुसलमान होने की सजा मिली।