दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर रखरखाव कार्य के कारण शुक्रवार सुबह सेवाएं प्रभावित रहेंगी

ram

दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन के विश्वविद्यालय स्टेशन पर रखरखाव कार्य के कारण 11 अक्टूबर को सुबह कुछ समय के लिए ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। येलो लाइन दिल्ली के समयपुर बादली को गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर से जोड़ती है। अधिकारियों ने बताया कि येलो लाइन पर विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर पूर्व निर्धारित रखरखाव गतिविधियों के तहत शुक्रवार तड़के सुबह 6.25 बजे तक ट्रेन सेवाओं को कुछ समय के लिए नियंत्रित किया जाएगा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को विश्वविद्यालय से मिलेनियम सिटी सेंटर के लिए पहली ट्रेन सेवा सुबह 6 बजे के बजाय 6:29 बजे शुरू होगी और कश्मीरी गेट से समयपुर बादली के लिए पहली ट्रेन सेवा सुबह 6 बजे के बजाय 6:40 बजे शुरू होगी। उन्होंने कहा, “विश्वविद्यालय से कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशनों के बीच कोई ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं होगी। विधानसभा और सिविल लाइंस स्टेशन सुबह 6:25 बजे तक बंद रहेंगे।” हालांकि, उन्होंने कहा कि मिलेनियम सिटी सेंटर से कश्मीरी गेट और समयपुर बादली से विश्वविद्यालय तक येलो लाइन के शेष खंड पर ट्रेन सेवाएं सामान्य रहेंगी। रखरखाव कार्य के कारण पिछले रविवार को विश्वविद्यालय और कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशनों के बीच ट्रेन सेवाएं सुबह 6 बजे से 40 मिनट तक उपलब्ध नहीं रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *