सैयामी खेर बोलीं-कमजोरी दिखाना सबसे बड़ी चुनौती, विक्रम फडनीस के सोशल ड्रामा में दिखेगा नया अंदाज

ram

नई दिल्ली। फिल्म इंडस्ट्री को घूमर जैसी फिल्में दे चुकीं एक्ट्रेस सैयामी खेर अपनी अपकमिंग अनटाइटल्ड सोशल ड्रामा को लेकर उत्साहित है। शूटिंग में व्यस्त सैयामी का मानना है कि स्क्रीन पर कमजोरी और भावनात्मक पक्ष दिखाना शारीरिक रूप से मुश्किल रोल निभाने से कहीं ज्यादा चुनौतीपूर्ण होता है। सैयामी खेर फिलहाल विक्रम फडनीस के निर्देशन में बन रही बिना टाइटल वाली सोशल ड्रामा फिल्म में काम कर रही हैं, जिसमें वह अपने विनम्र और भावनात्मक पक्ष को दर्शकों को दिखाने के लिए तैयार हैं। इस फिल्म में सैयामी के साथ ताहिर राज भसीन भी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म की शूटिंग चल रही है। मेकर्स ने अभी रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है। सैयामी खेर ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि वह इस प्रोजेक्ट का हिस्सा क्यों बनीं या अपकमिंग फिल्म में अपने किरदार को लेकर उन्हें क्या बात सबसे पसंद आई। उन्होंने बताया, “मैंने अब तक ज्यादातर ऐसे किरदार निभाए हैं जो फिजिकली बहुत डिमांडिंग थे। उन रोल्स ने मुझे एक एक्ट्रेस के तौर पर काफी मजबूत बनाया है, लेकिन यह नई फिल्म बहुत अलग है। यह ज्यादा सॉफ्ट, ज्यादा इमोशनल है और बाहर की एक्शन के बजाय अंदरूनी सफर पर केंद्रित है। इसी वजह से मुझे यह प्रोजेक्ट बहुत पसंद आया।”
जाट, रे, मिर्ज्या, मौली, चोक्ड, वाइल्ड डॉग जैसी फिल्मों और स्पेशल ऑप्स, फाडू जैसी सीरीज में काम कर चुकीं सैयामी ने बताया कि वह इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं। इस फिल्म में उनका अलग अंदाज देखने को मिलेगा। सैयामी ने कहा, “कभी-कभी कमजोरी दिखाना कहीं ज्यादा मुश्किल होता है और मैं उस स्पेस को एक्सप्लोर करने के लिए काफी उत्सुक हूं।” सैयामी ने हाल ही में प्रियदर्शन निर्देशित एक्शन थ्रिलर हैवान की शूटिंग पूरी की है। इस फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार और सैफ अली खान नजर आएंगे। शारिब हाशमी भी अहम भूमिका में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *