चार राज्यों में सामने आने लगे नतीजे, शुरुआती रुझान में MP में फासला बढ़ा, Rajasthan में कांग्रेस पीछे तो Telangana में आगे, छत्तीसगढ़ में कांटे की टक्कर

ram

पांच राज्यों में हुए चुनावों के लिए मतगणना की शुरुआत हो गई है। राजस्थान, मध्यप्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में चुनाव परिणाम आने शुरू हो गए है। राजस्थान में विधानसभा की 199 सीटों के लिए हुए चुनाव में मतों की गिनती रविवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। राजस्थान में विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों से राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में कांटे की टक्कर के संकेत मिल रहे हैं। मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए मतों की गिनती रविवार को सुबह आठ बजे शुरू हो गई और अधिकारियों ने 52 जिला मुख्यालयों पर डाक मतपत्रों की गिनती की। एक शीर्ष निर्वाचन अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य में 17 नवंबर को एक ही चरण में विधानसभा चुनाव हुए थे।

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को हो रही मतगणना के शुरुआती रुझानों में सत्ताधारी दल कांग्रेस भाजपा से आगे चल रही है। ताजा रुझानों के मुताबिक कांग्रेस 32, भाजपा 24 और अन्य एक सीट पर आगे हैं। शुरुआत में डाक मतपत्रों की गिनती की गई। एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि 90 सदस्यीय राज्य विधानसभा के लिए आज सुबह आठ बजे वोटों की गिनती शुरू हुई। सुरक्षाकर्मी राज्य के 33 जिलों में मतगणना केंद्रों पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं।

तेलंगाना में विधानसभा की 119 सीट के लिए मतों की गिनती रविवार सुबह आठ बजे शुरू हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को सुरक्षित तरीके से स्ट्रांग रूम से बाहर निकाला गया और मतगणना केंद्रों पर रखा गया है। इन केन्द्रों पर पुलिस ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। सुबह आठ बजे सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *