रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को रामनवमी पर रांची के प्रसिद्ध राम जानकी तपोवन मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनके साथ उनकी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। सोरेन ने तपोवन मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं को रामनवमी की बधाई और शुभकामनाएं दीं।उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामनवमी के इस पावन अवसर पर आस्था के समागम का हिस्सा बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। हमारी कामना है कि प्रभु आपकी सभी मनोकामनाएं पूरी करें।
इस मौके पर राम जानकी तपोवन मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत ओमप्रकाश शरण एवं सदस्य प्रणय कुमार, रांची में रामनवमी की शोभायात्रा का आयोजन करने वाली संस्था महावीर मंडल के अध्यक्ष जय सिंह यादव भी मौजूद रहे।सोरेन ने पूजा-अर्चना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “आज रामनवमी के पावन अवसर पर रांची स्थित ऐतिहासिक राम जानकी तपोवन मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना की। जय सिया राम!” मुख्यमंत्री ने रविवार की सुबह अपने आवासीय परिसर स्थित भगवान हनुमान के मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।