धमाकेदार अंदाज़ में लौटे रजनीकांत और कमल हासन

ram

मुंबई। साउथ सिनेमा के दो दिग्गज सितारे कमल हासन और रजनीकांत एक बार फिर सुर्खियों में हैं। करीब 47 साल बाद दोनों सुपरस्टार बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाले हैं, जिसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का पहला प्रोमो जारी होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह फिल्म मशहूर निर्देशक नेल्सन दिलीप कुमार के निर्देशन में बन रही है, जिसका फिलहाल कोडनेम ‘KHxRK’ रखा गया है। जारी प्रोमो में दोनों सितारे एक गैरेज में साथ चलते नजर आते हैं। बैकग्राउंड में अनिरुद्ध रविचंदर का रेट्रो स्टाइल म्यूजिक माहौल को और खास बनाता है। वीडियो में रजनीकांत अपने खास अंदाज में कार की चाबी कमल हासन को देते हैं, जिसके बाद कमल ड्राइविंग सीट संभालते दिखाई देते हैं। निर्देशक नेल्सन दिलीप कुमार ने इस प्रोमो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे अपने करियर का यादगार पल बताया और दोनों दिग्गज कलाकारों के साथ काम करने पर गर्व जताया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की कहानी दो उम्रदराज गैंगस्टरों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो वर्षों बाद आमने-सामने आते हैं। हालात उन्हें फिर से अपराध की दुनिया में ले आते हैं, जहां पुरानी दुश्मनी, अधूरी कहानियां और नई चुनौतियां सामने आती हैं। दर्शकों को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं और माना जा रहा है कि कमल हासन और रजनीकांत की यह ऐतिहासिक जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बना सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *