अगले सप्ताह फिर बदलेगा राजस्थान का मौसम, पश्चिमी विक्षोभ से हल्की बारिश के आसार

ram

जयपुर। राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले सप्ताह प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्के बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट आ गई। सुबह-शाम ठंडी हवा चलने से सर्दी का अहसास हुआ। शेखावाटी क्षेत्र के सीकर, चूरू और फतेहपुर में न्यूनतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ गई।

सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 5.9 डिग्री सेल्सियस मापा गया। वहीं चूरू में 9.4, सीकर में 9.5, करौली और पाली में 9.6 तथा लूणकरणसर में 7.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। दूसरी ओर बाड़मेर और चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। जयपुर, बाड़मेर, फलोदी, जालोर और प्रतापगढ़ में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से अधिक मापा गया।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्के बादल छाए रहे।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल तो बने, लेकिन नमी का स्तर कम होने के कारण बारिश नहीं हो सकी। बादलों के बीच चली हल्की ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट आ गई।

मौसम केंद्र जयपुर द्वारा जारी दो सप्ताह के पूर्वानुमान के अनुसार 18 फरवरी के बाद प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना है। इस दौरान एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे कुछ स्थानों पर बादल छाने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। हालांकि 15 फरवरी के बाद सर्दी का असर धीरे-धीरे कम होने की संभावना जताई गई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने किसानों और आमजन को मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *