राजस्थान में समय से पहले गर्मी की दस्तक, कई शहरों में तापमान 35 डिग्री के पार

ram

जयपुर। राजस्थान में समय से पहले गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। फरवरी के अंतिम दिनों में ही तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को परेशान कर दिया है। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में आकाश पूरी तरह साफ रहा और दिनभर कड़ी धूप खिली रही। दोपहर के समय गर्मी इतनी तेज रही कि लोगों को घरों से बाहर निकलना कठिन लगा।

सीकर जिले के फतेहपुर में पिछले चौबीस घंटों के दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया। वहीं बाड़मेर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीगंगानगर, पिलानी और बीकानेर में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग छह डिग्री अधिक मापा गया, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा।

सीकर में सुबह मौसम साफ रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यहां अगले तीन से चार दिन तक मौसम शुष्क बना रहेगा। चूरू, जयपुर और अलवर के कुछ क्षेत्रों में हल्के बादल दिखाई दिए, जिससे थोड़ी उमस भी महसूस की गई।

राजधानी जयपुर सहित बाड़मेर और फलोदी में शनिवार रात भी गर्मी का असर बना रहा। इन शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर मापा गया। मौसम विभाग के अनुसार होली और धुलंडी के अवसर पर तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। मार्च के पहले सप्ताह में अधिकांश शहरों का तापमान 31 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं मार्च के तीसरे सप्ताह से कुछ क्षेत्रों में लू चलने की स्थिति भी बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *