राजस्थान यूनाईटेड फुटबॉल क्लब ने आयोजित की फुटबॉल प्रतियोगिता, राज्यपाल ने ‘इण्डियन फुटबाल लीग’ का शुभारंभ किया

ram

जयपुर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने मंगलवार को विद्याधर नगर स्थित स्टेडियम में राजस्थान यूनाईटेड फुटबॉल क्लब द्वारा आयोजित ‘इण्डियन फुटबाल लीग’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वस्थ तन और मन लिए खेल जरूरी है। उन्होंने “खेलो इंडिया” के तहत भारतीय खेलों के प्रोत्साहन के लिए किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। बागडे ने प्रतियोगिता में भाग ले रहे फुटबॉल खिलाड़ियों को खेल में उम्दा प्रदर्शन कर अपनी टीम को विजयी बनाने की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि फुटबॉल तेजी से विश्व का सबसे लोकप्रिय खेल बनता जा रहा है। इसका इतिहास दो हजार साल से अधिक पुराना है। राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक फुटबॉल का जन्म 19वीं सदी में इंग्लैंड में हुआ। अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल संघ (फीफा) की स्थापना 1904 में फ्रांस की राजधानी पेरिस में हुई। इसके संस्थापक सदस्यों में बेल्जियम, फ्रांस, डेनमार्क, नीदरलैंड, स्पेन, स्वीडन और स्विट्जरलैंड शामिल थे। पेरिस में 1900 में हुए विश्व कप के बाद हर विश्व कप में यह खेल खेला गया है। महिलाओं की प्रतियोगिता को अटलांटा 1996 के खेलों में शामिल किया गया था। राज्यपाल ने भारत में फुटबॉल खेल के इतिहास की चर्चा करते हुए कहा कि भारत में महिला फुटबॉल की 1990 के दशक में शुरुआत हुई। पुरुषों के खेल की तरह ही, महिलाओं के खेल में भी शुरुआती खिलाड़ी पश्चिम बंगाल राज्य से थीं। उन्होंने भारतीय फुटबॉल के पथ प्रदर्शक नागेंद्र प्रसाद को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ही सबसे पहले कोलकाता और बंगाल में कई फुटबॉल क्लब स्थापित किए। इसी से हमारे यहां इस खेल की लोकप्रियता में वृद्धि हुई। बागडे ने युवाओं को खेलों से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे बौद्धिक क्षमता बढती है। इसीलिए भारत सरकार ने ‘खेलो इंडिया’ अभियान के साथ खेलों के विकास के लिए निरंतर कदम उठाए हैं। राज्यपाल ने बाद में फुटबॉल मैच भी देखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *