जयपुर। उप मुख्यमंत्री व परिवहन एवं सड़क सुरक्षा मंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने कहा कि प्रदेशवासियों को सुरक्षित, सुलभ और सस्ती बस सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में 800 नई बसें खरीदी गई हैं और आगे भी और बसें खरीदी जाएंगी। हमारी सरकार के कार्यकाल में बसों के प्रभावी संचालन से राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम पहली बार लाभ में आया है। परिवहन एवं सड़क सुरक्षा मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य घनश्याम द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि हिंडौन सिटी से जयपुर (वाया लपावली-नांगल शेरपुर-बालघाट-टोडाभीम मार्ग) पर संचालित निगम बस सेवा को बंद किया गया है। इस रूट पर जून, 2025 में यात्री भार 58 प्रतिशत, जुलाई में 60 प्रतिशत, अगस्त में 64 प्रतिशत, सितम्बर में 53 प्रतिशत, अक्टूबर में 60 प्रतिशत और नवम्बर में 60 प्रतिशत ही रहा। इस कम यात्रीभार के कारण इस रूट पर बस सेवा नहीं चलाई गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछले तीन वर्षों में इसके अतिरिक्त कोई भी बस बंद नहीं की है। डॉ. बैरवा ने कहा कि बस सेवा संचालन के लिए रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल में भी निविदा जारी की थी, लेकिन संवेदक नहीं आए। अब फिर से निविदा प्रक्रियाधीन है। इसमें जैसे ही संवेदक उपलब्ध होते हैं पुनः बस सेवा शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि टोडाभीम क्षेत्र में निगम बस चालकों पर निजी बस संचालकों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाए गए हैं, जिनकी जांच कराई जाएगी। इससे पहले सदस्य के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में परिवहन एवं सड़क सुरक्षा मंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र टोडाभीम की 30 ग्राम पंचायत वर्तमान में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बस सेवाओं से जुड़ी हुई हैं तथा 43 ग्राम पंचायत निगम बस सेवाओं से वंचित हैं। राज्य सरकार के परिवर्तित बजट 2024-25 की घोषणा ’प्रदेश में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में भी यात्रियों की सुविधा के लिए लोक परिवहन सेवा प्रारम्भ की जाएगी’ के तहत राज्य के 357 ग्रामीण मार्गों पर रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल पर बस संचालन के लिए निविदाएं जारी की गई थी। इसमें टोडाभीम के ग्रामीण मार्गों पर संचालन के लिए किसी भी संवेदक ने हिस्सा नहीं लिया। अब फिर से निविदा जारी की जाकर कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। डॉ. बैरवा ने बताया कि निगम द्वारा हिंडौन से जयपुर वाया लपावली, नांगल शेरपुर, बालघाट, टोडाभीम मार्ग पर बस सेवा को संचालन अवधि में कम यात्री भार एवं कम आय प्रति कि.मी. प्राप्त हुई। इससे दिसंबर, 2025 से संचालन बंद कर दिया गया। वर्तमान में निगम के सीमित संसाधनों के कारण इस बस सेवा का फिर से संचालन करने का फिलहाल कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
वर्तमान सरकार में प्रभावी बस संचालन से पहली बार ‘लाभ‘ में राजस्थान रोडवेज – उप मुख्यमंत्री व परिवहन एवं सड़क सुरक्षा मंत्री
ram


