राजस्थान हाईकोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, जांच के बाद बहाल हुआ कामकाज

ram

जयपुर। राजस्थान उच्च न्यायालय (जयपुर और जोधपुर) की बिल्डिंग को शुक्रवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद हाईकोर्ट प्रशासन में हड़कंप मच गया। सुरक्षा को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और परिसर खाली करवाया गया।

उच्च न्यायालय रजिस्ट्रार को सुबह ई-मेल के जरिए धमकी भेजी गई थी। मेल में उच्च न्यायालय परिसर में तीन शक्तिशाली आरडीएक्स बम प्लांट किए जाने का दावा किया गया। इसके बाद जयपुर उच्च न्यायालय में एहतियातन सभी सुनवाई स्थगित कर दी गईं। सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचीं। कोर्ट रूम, जजों के चैंबर और अधिवक्ताओं के कक्षों सहित पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

सुरक्षा एजेंसियों की जांच पूरी होने के बाद जयपुर हाईकोर्ट परिसर में वकीलों और पक्षकारों के लिए प्रवेश खोल दिया गया, जिसके बाद न्यायिक कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया।

इधर, जोधपुर उच्च न्यायालय परिसर में समाचार लिखे जाने तक तलाशी अभियान जारी था और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही थीं।

गौरतलब है कि इससे पहले भी पिछले वर्ष राजस्थान उच्च न्यायालय की बिल्डिंग को छह बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। दिसंबर माह में तो लगातार पांच दिन तक धमकी भरे ई-मेल भेजे गए थे। हालांकि अब तक पुलिस धमकी देने वाले व्यक्ति या गिरोह का पता नहीं लगा पाई है।

हाईकोर्ट प्रशासन और पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर जांच और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *