जयपुर। डूंगरपुर जिला प्रभारी मंत्री एवं जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने राजस्थान बजट 2026 -27 को ‘संकल्प से सिद्धि, नीयत से नीति’ तथा आकांक्षा से उपलब्धि की ओर अग्रसर करने वाला बजट बताया है।रविवार को डूंगरपुर सर्किट हाउस में मीडिया कर्मियों से रूबरू होते हुए आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बजट को प्रदेश के चहुंमुखी दीर्घकालिक विकास के लिए विकसित राजस्थान@2047 के अन्तर्गत संकल्पों को विकास स्तम्भों के रूप में स्थापित करने वाला बताया। इस दौरान पूर्व राज्य मंत्री सुशील कटारा, समाजसेवी अशोक पटेल रणोली, निवर्तमान सभापति नगर परिषद अमृतलाल कलासुआ, समाज सेवी हसमुख पंड्या मौजूद रहे। उन्होंने बजट में महिला, युवा, मजदूर, वंचित, किसान सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए लिए गए निर्णय को विकसित भारत के विजन के अनुरूप बताया।उन्होंने बताया कि वर्ष 2026- 27 के बजट का आकार 6 लाख 10 हजार 956 करोड रुपए हैं, जो वर्ष 2023- 24 के बजट की तुलना में 41 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने बजट के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं के बेहतर आयोजन के लिए राजस्थान स्टेट टेस्टिंग एजेंसी की घोषणा, ऑनलाइन टेस्टिंग सेंटर विकसित करने, प्रदेश भर में नशा मुक्त राजस्थान के लिए राज सवेरा कार्यक्रम चलाने, प्रदेश में डेयरी एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट फंड को एक हजार करोड़ रुपए से बढ़ाकर दो हजार करोड रुपए किए जाने, महिला सशक्तिकरण के लिए जिला स्तर पर रूरल महिला बीपीओ का प्रावधान करने, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत महिला/स्वयं सहायता समूह की ऋण सीमा 50 लाख से बढ़ाकर एक करोड रुपए तथा लखपति दीदी योजना में ऋण की सीमा एक लाख से बढ़कर 1.5 लाख रुपए करने, नवीं कक्षा की जरूरतमंद छात्राओं को साइकिल हेतु ई वाउचर, आठवीं, 10वीं, 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट/लैपटॉप के लिए ₹20 हजार का ई वाउचर, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के लिए 32 हजार 526 करोड़ रुपए का प्रावधान, आपातकालीन चिकित्सा के लिए राज सुरक्षा योजना, वीबी जी रामजी योजना के अंतर्गत चार हजार करोड रुपए का प्रावधान करने की जानकारी दी। इसके साथ ही ऊर्जा, उद्योग एवं निवेश, पर्यटन, ग्रीन बजट, जल, शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि, गरीब कल्याण, युवा, महिला के लिए की गई घोषणाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान की। जिला प्रभारी मंत्री ने बजट 2026-27 के अंतर्गत डूंगरपुर जिले को मिली सौगातों के बारें में भी विस्तार पूर्वक जानकारी दी।

राजस्थान बजट 2026-27 संकल्प से सिद्धि की ओर अग्रसर होने वाला बजट — प्रभारी मंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से हुए रूबरू, डूंगरपुर को मिली अनेकों सौगातें
ram


