राजस्थान बार काउंसिल चुनाव : मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति की बैठक, पारदर्शिता के लिए SDO रैंक के अधिकारी होंगे तैनात

ram

जयपुर | राजस्थान बार काउंसिल चुनाव 2026 के संबंध में सोमवार को शासन सचिवालय में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित उच्च स्तरीय निर्वाचन समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास द्वारा की गई। बैठक में उच्च स्तरीय समिति के चेयरमैन और सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जे.आर. मिधा तथा सभी सदस्य उपस्थित रहे। इसके साथ ही पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव भास्कर ए. सावंत, नोडल ऑफिसर के रूप में विधि विभाग के प्रमुख शासन सचिव राघवेंद्र काछवाल और राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरेश वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में हुई चर्चा के आधार पर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि राजस्थान राज्य बार काउंसिल के चुनाव में राज्य सरकार द्वारा अपेक्षित सहयोग प्रदान किया जाएगा। मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निम्नलिखित व्यवस्थाएं की जाएंगी:
को-ऑब्जर्वर की नियुक्ति: प्रत्येक पोलिंग बूथ पर SDO (एसडीओ) रैंक के अधिकारी को बतौर को-ऑब्जर्वर नियुक्त किया जाएगा।
सहायक स्टाफ : चुनाव प्रक्रिया से परिचित एक लिपिकीय कर्मचारी तथा एक सहयोगी (चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी) भी उपलब्ध कराया जाएगा।
समन्वय : मुख्य सचिव ने मतदान हेतु आवश्यक सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने और संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने आश्वस्त किया कि बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के आगामी चुनावों के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस संबंध में विधि विभाग के प्रमुख शासन सचिव को संबंधित अधिकारियों से आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश प्रदान किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *