राजस्थान विधानसभा बजट सत्र- डोटासरा समेत 6 विधायकों को किया विधानसभा से सस्पेंड

ram

जयपुर। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत 6 विपक्षी विधायकों को राजस्थान विधानसभा से सस्पेंड कर दिया। इसके बाद सदन की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित कर दी गई। इधर, निलंबन के खिलाफ कांग्रेस विधायक सदन में धरने पर बैठ गए। शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को लेकर की गई टिप्पणी पर हंगामा हो गया था। हंगामा बढ़ने के कारण 3 बार सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी थी। 4 बजे फिर से कार्यवाही शुरू हुई तो कांग्रेस विधायकों का वैल में हंगामा जारी रहा था।

इस दौरान मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कांग्रेस विधायकों के सस्पेंड का प्रस्ताव रखा। इसके बाद स्पीकर वासुदेव देवनानी ने गोविंद सिंह डोटासरा, उप नेता प्रतिपक्ष रामकेश मीणा, अमीन कागजी, जाकिर हुसैन गैसावत, हाकम अली खान और संजय कुमार को बजट सत्र की बची हुई अवधि के लिए निलंबित कर दिया। इससे पहले अगस्त में कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर को सस्पेंड किया गया था।
इससे पहले सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने एक सवाल के जवाब में कहा था- पिछले बजट में 2023-24 में आपने हर बार की तरह अपनी दादी इंदिरा गांधी के नाम पर इस योजना का नाम रखा था।

इस टिप्पणी पर विपक्ष भड़क गया था। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मंत्री की टिप्पणी का कड़ा विरोध करते हुए कहा था- यह क्या बकवास है? इंदिरा गांधी देश की प्रधानमंत्री रही हैं, उनके लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। मामला इतना बिगड़ा कि कांग्रेस के विधायक वैल में आ गए और नारेबाजी शुरू कर दी थी। संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने स्थिति को शांत करने का प्रयास किया और कहा कि ‘दादी’ एक सम्मानजनक शब्द है, लेकिन तब तक विधायक स्पीकर की टेबल तक पहुंच गए थे।

 विपक्ष के नेता स्पीकर के पास पहुंच गए, धमकाने लगे-जोगाराम पटेल
संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने विधानसभा के बाहर मीडिया से बात करते हुए कहा था- आज हमारे सभी मंत्री प्रश्न के प्रभावी तरीके से जवाब दे रहे थे। तथ्यात्मक जवाब दे रहे थे। पहले तो विधायक रफीक खान ने कहा कि यह जवाब सब हवा हवाई है तो हमने एतराज किया।

 हम किस बात की माफी मांगे-जूली
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने संसदीय कार्यमंत्री पर पलटवार करते हुए कहा- हम किस चीज की माफी मांगे, माफी तो उनके मंत्री को मांगनी चाहिए। हम तो केवल मंत्री ने इंदिरा गांधी के बारे में जो शब्द बोले हैं, उनको सदन की कार्यवाही से निकालने की मांग कर रहे थे। सदन के वीडियो देखिए, ये सदन के वीडियो जारी करवा दें। पता लग जाएगा कौन सही है।

सदन की कार्यवाही स्थगित
चार बजे विधानसभा की कार्यवाही फिर शुरू होने के बाद सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने डोटासरा सहित 6 कांग्रेस विधायकों को सदन से सस्पेंड करने का प्रस्ताव रखा, जिसे मंजूर किया गया। इसके बाद स्पीकर वासुदेव देवनानी ने सोमवार तक के लिए सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया।

इंदिरा गांधी पर मंत्री की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं-गहलोत 
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने इंदिरा गांधी पर टिप्पणी के मामले में बीजेपी पर निशाना साधा। गहलोत ने एक्स पर लिखा- ऐसा लगता है कि राजस्थान की भाजपा सरकार विधानसभा चलाना ही नहीं चाहती है, इसलिए कभी उनके मंत्री दिवंगत प्रधानमंत्री पर तो कभी इनके विधायक दिवंगत मुख्यमंत्री पर अनर्गल टिप्पणी करते हैं।

हम सदन में गाली नहीं सुनेंगे-डोटासरा
विधानसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- सत्ता पक्ष खुद सदन नहीं चलाना चाहता। हम विधानसभा में गाली नहीं खाएंगे। मंत्री जवाब नहीं दे पा रहे। विधायक रफीक खान के सवाल का मंत्री देवासी जवाब नहीं दे सके, गलत जवाब दिया। विधायक ने फर्जी आंकड़े देने की बात कही तो उनके आरोपों को सदन की कार्यवाही से निकाल दिया। मंत्री अविनाश गहलोत देश की पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के लिए आपकी दादी कह रहे हैं, उनके शब्द को कार्यवाही से नहीं निकाला। यह सदन चलाने वाले लक्षण नहीं है। इस तरह नहीं चलेगा।

मंत्री देवासी घिरे तो बचाव में उतरे तीन मंत्री, कांग्रेस की आपत्ति और हंगामा
विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान लखपति दीदी से जुड़े सवाल पर ग्रामीण विकास राज्य मंत्री को कांग्रेस विधायक रफीक खान ने घेरने का प्रयास किया। मंत्री के जवाब पर रफीक खान ने काउंटर सवाल करने शुरू किए तो सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री, संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल और सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग बचाव में उतरे। इस पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई, कुछ देर हंगामा होता रहा।
रफीक खान ने पूरक सवाल पूछा,लखपति दीदी लखपति कैसे बनती है, फंड कहां से आ रहा है, पैसा कहां से मिल रहा है, कौनसी संस्था दे रही है। इस पर मंत्री देवासी ने कड़े रखे और कहा कि 15 लाख से ज्यादा महिलाओं का लखपति दीदी योजना में चयन हुआ है।
विधायक रफीक खान ने मंत्री के जवाब पर सवाल उठाते हुए कहा, मेरा सवाल लगने के बाद सारे गलत डेटा दे दिए। योजना में हर महीने का और जिलेवार डेटा दीजिए। मंत्री ने कहा कि सभी ब्योरा भेज दिया है। रफीक खान ने कहा- एक महिला को पैसा नहीं मिला है। कितनी महिलाओं को कब कब पैसा दिया, यह जानकारी नहीं है। मंत्री देवासी बोले, लखपति दीदी योजना में सीधा पैसा नहीं मिलता, स्वयं सहायता समूह से जोड़ते हैं। जवाब सुनने की क्षमता रखिए, जवाब देने में सक्षम हूं। 15 लाख का चयन किया। 15 लाख 21 हजार लखपति दीदी का चयनीकरण कर दिया। पूरे राजस्थान का ब्योरा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *