नई दिल्ली। सुबह का समय हमेशा बहुत भागदौड़ भरा होता है। ऑफिस जाने की जल्दी, बच्चों को स्कूल भेजने की तैयारी और इन सबके बीच सबसे बड़ा सवाल- “आज नाश्ते में क्या बनाएं?” हम सभी कुछ ऐसा चाहते हैं जो फटाफट बन जाए, खाने में टेस्टी हो और साथ ही हमारी सेहत का भी ख्याल रखे। अगर आप भी अक्सर इस उलझन में रहते हैं, तो ‘सूजी-दही का चीला’ आपके लिए एकदम परफेक्ट विकल्प है। यह बाहर से क्रिस्पी और अंदर से बेहद नरम होता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं है, रसोई में मौजूद साधारण चीजों से यह मिनटों में तैयार हो जाता है।
सूजी दही चीला बनाने के लिए सामग्री
सूजी – 1 कप
दही – आधा कप (ताजा या हल्का खट्टा)
पानी – जरूरत के अनुसार (बैटर बनाने के लिए)
प्याज – 1 (बारीक कटा हुआ)
टमाटर – 1 (बारीक कटा हुआ)
हरी मिर्च – 1 या 2 (बारीक कटी हुई)
हरा धनिया – थोड़ा-सा (बारीक कटा हुआ)
जीरा – आधा छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
तेल या घी – चीला सेंकने के लिए
सूजी दही चीला बनाने की विधि
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सूजी और दही डालें। इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए एक गाढ़ा घोल तैयार कर लें। ध्यान रखें कि घोल में गांठें न पड़ें।
अब इस तैयार घोल में बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया, जीरा और स्वादानुसार नमक डाल दें। सभी चीजों को चम्मच की मदद से अच्छी तरह मिक्स कर लें। (आप चाहें तो अपनी पसंद की शिमला मिर्च या गाजर भी कद्दूकस करके डाल सकते हैं)।
फिर, सूजी को फूलने के लिए समय चाहिए होता है। इसलिए बैटर को प्लेट से ढककर 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें।
15 मिनट बाद बैटर को चेक करें। सूजी फूलने के कारण घोल थोड़ा गाढ़ा हो गया होगा। इसमें थोड़ा-सा पानी और मिला लें ताकि चीला तवे पर आसानी से फैल सके। घोल ना ज्यादा पतला होना चाहिए और ना ही बहुत गाढ़ा।
अब गैस पर एक नॉन-स्टिक पैन या तवा रखें। तवा जब हल्का गरम हो जाए, तो उस पर थोड़ा-सा तेल या घी लगाकर उसे चिकना कर लें।
तवे के बीच में एक बड़ा चम्मच भरकर बैटर डालें और उसे गोल-गोल (डोसे की तरह, लेकिन थोड़ा मोटा) फैला लें। गैस की आंच को मीडियम ही रखें।
जब चीला एक तरफ से हल्का सिक जाए और किनारों से रंग बदलने लगे, तो किनारों पर थोड़ा सा तेल डालें। इसे पलटे की मदद से सावधानी से पलटें और दूसरी तरफ से भी हल्का सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंक लें।
आपका गरमा-गरम, स्वादिष्ट और पौष्टिक सूजी-दही का चीला बिल्कुल तैयार है। इसे सुबह की चाय, धनिया-पुदीने की हरी चटनी या फिर टोमेटो केचप के साथ परोसें। यकीन मानिए, बच्चे हों या बड़े, सब इसे बड़े चाव से खाएंगे।



