मंगलवार को जालंधर में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर के बाहर रात करीब 1 बजे धमाका हुआ। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और विस्फोट की प्रकृति का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। हालांकि, इसको लेकर सियासत तेज हो गई है। पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब को बर्बाद करने का ठेका ले रखा है। पंजाब में कानून व्यवस्था और कानूनी व्यवस्था पूरी तरह से खोखली हो चुकी है और भगवंत मान अरविंद केजरीवाल के फुलटाइम ओएसडी की तरह काम कर रहे हैं। उन्हें पंजाब की सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है।
जयवीर शेरगिल ने कहा कि आज पंजाब तरक्की का केंद्र नहीं बल्कि गुंडों और गैंगस्टरों का खेल का मैदान बन गया है। अगर भगवंत मान में थोड़ी भी शर्म बची है तो उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू भाजपा नेता मनोरंजन कालिया से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पंजाब में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन तब भी ग्रेनेड का ऐसा इस्तेमाल नहीं हुआ था। ऐसा लगता है जैसे खिलौनों की दुकानों पर ग्रेनेड आसानी से मिल जाते हैं। मनोरंजन कालिया राज्य के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं जिन्होंने पंजाब में आतंकवाद के कई साल देखे हैं।
उन्होंने कहा कि रात करीब सवा एक बजे उनके घर के पास से एक ई-रिक्शा गुजरता है और उसके अंदर ग्रेनेड फेंका जाता है। धमाके का असर उनके वाहन और घर के बाहरी हिस्से पर पड़ा है। सरकार राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नियंत्रण खो चुकी है। पंजाब में डर का माहौल है। नशे का खुलेआम इस्तेमाल हो रहा है और पुलिस के जवान भी नशे के साथ पकड़े जा रहे हैं। राज्य में दो गुट बन गए हैं- एक दिल्ली से आए लोगों का और दूसरा पंजाब में बैठे लोगों का।



