‘AAP से उठ गया जनता का विश्वास’, अशोक गहलोत ने बताया दिल्ली में अकेले क्यों लड़ी कांग्रेस?

ram

कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि आम आदमी पार्टी से जनता का विश्वास उठ चुका है और कांग्रेस ने दिल्ली में अकेले चुनाव लड़कर भविष्य के लिए अपनी भूमिका तैयार कर ली है। एक्स पर एक पोस्ट में, गहलोत ने आम आदमी पार्टी के उन दावों का भी खंडन किया कि कांग्रेस पार्टी ने आप को दिल्ली चुनाव हराने में भूमिका निभाई थी। उन्होंने आगे पुष्टि की कि कांग्रेस दिल्ली में मुख्य विपक्ष की भूमिका निभाएगी और आगामी चुनावों के लिए पृष्ठभूमि तैयार करेगी। गहलोत ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी द्वारा कांग्रेस पर उन्हें हरवाने के आरोप पूर्णत: निराधार हैं। असलियत में तो आम आदमी पार्टी ने कई राज्यों में कांग्रेस को हरवाने का काम किया है जहां उनका कोई आधार ही नहीं था परन्तु केवल कांग्रेस के वोट काटने के उद्देश्य से आप वहां जाकर चुनाव लड़ी। गुजरात, गोवा, उत्तराखंड में जहां कांग्रेस अच्छी स्थिति में थी एवं भाजपा की हालत खराब थी वहां आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ने पहुंच गई और कांग्रेस के वोटों को बांटा जिससे कांग्रेस को नुकसान हुआ। इन जगहों पर आप के अधिकतर जीते या हारे उम्मीदवार बाद में भाजपा समेत दूसरी पार्टियों में चले गए। यानी ये केवल चुनाव में कांग्रेस का नुकसान करने के लिए ही लड़े थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *