हर गांव- ढाणी तक समुचित जलापूर्ति प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : पटेल

ram

जोधपुर। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल ने रविवार को ग्राम पंचायत नन्दवान के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चावड़ों की ढाणी में कक्षा- कक्ष सहित 28 लाख रूपये की लागत के 5 विकास कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया। श्री पटेल ने कहा हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में हर गांव- ढाणी तक समुचित जलापूर्ति सुनिश्चित करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा जल जीवन मिशन के तहत दो वर्ष में ‘हर घर नल से जल’ सुविधा के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में 14 लाख से अधिक जल कनेक्शन उपलब्ध करवाए गए। उन्होंने कहा 24 हजार करोड़ रुपये की लागत की 400 से अधिक पेयजल परियोजनाओं के कार्यादेश जारी किये गये है।
वर्षों से लंबित परियोजनाएं धरातल पर उतरी
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा प्रदेश सरकार द्वारा वर्षों से लंबित ईआरसीपी परियोजना और यमुना जल समझौते को धरातल पर उतारने का काम किया है। उन्होंने कहा लिफ्ट कैनाल फेज तृतीय का कार्य पूरा होने वाला है जिससे जोधपुर में पेयजल समस्या का स्थाई समाधान सुनिश्चित होगा।
600 ट्यूबवेल और 1200 हैंडपंप लगाए जाएंगे
विधि मंत्री ने कहा बजट घोषणा के अनुरूप ग्रीष्म ऋतु में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए इस वर्ष 600 ट्यूबवेल और 1200 हैंडपंप लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा समर कन्टिन्जेंसी के तहत प्रत्येक जिला कलक्टर को एक करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवायी गई है।
अब तक 1 लाख 25 हजार युवाओं को मिली नियुक्ति
श्री पटेल ने कहा हमारी सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा युवाओं को 5 वर्ष में 4 लाख सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा है। अब तक 1 लाख 25 हजार पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। साथ ही 1 लाख 33 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। उन्होंने कहा 1 लाख से अधिक पदों का भर्ती कैलेण्डर जारी किया जा चुका है।
विकसित हो रहा सड़क तंत्र
विधि मंत्री ने कहा विकसित सड़क तंत्र की दिशा में विधानसभा क्षेत्र लूणी में 5 अरब रूपये की लागत से लगभग 500 किलोमीटर सड़कों का निर्माण करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा अपने विद्यालय के विकास में सभी सहभागी बनें। उन्होंने कहा विद्यालय में नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करें।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रशासक श्रीमती विमला देवी, श्री अरविंद बर्रा, श्री हनुमानराम,श्री बुलसिंह, श्री पारसराम, श्री कोजाराम, श्री खींवराज जांगिड़, विकास अधिकारी श्री कँवरलाल सोनी, तहसीलदार श्री इमरान सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *