प्रमुख शासन सचिव ने संपर्क प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने किया संपर्क हेल्पलाइन 181 कंट्रोल रूम का निरीक्षण

ram

जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ​विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने मंगलवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) का निरीक्षण किया और स्वयं आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने समस्याओं एवं परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य बेहद संवेदनशील और जन—जन से जुड़ा विषय है, इसलिए संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी तरह की तकलीफ का सामना नहीं करना पड़े। 93 प्रतिशत से अधिक प्रकरणों का निस्तारण: राठौड़ ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग, राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी से जुड़े प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। संपर्क पोर्टल पर 23 मार्च 2025 से 23 मार्च 2026 तक चिकित्सा विभाग के कुल 79,512 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें से 74,455 (93.64 प्रतिशत) का निस्तारण किया जा चुका है। इन मामलों के समाधान का औसत समय 18 दिन रहा तथा लगभग 66 प्रतिशत परिवादियों ने समाधान पर संतुष्टि व्यक्त की। इसी प्रकार चिकित्सा शिक्षा विभाग से जुड़े 9,830 प्रकरणों में से 9,230 (93.90 प्रतिशत) का निस्तारण किया गया। करीब 65 प्रतिशत परिवादी संतुष्ट पाए गए। वहीं राजस्थान स्टेट हैल्थ एश्योरेंस एजेंसी से संबंधित 15,457 प्रकरणों में से 14,417 (93.27 प्रतिशत) का समाधान किया गया। लगभग 72 प्रतिशत परिवादियों ने संतुष्टि जताई। सीधा संवाद कर लिया फीडबैक: संपर्क हेल्पलाइन 181 के कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान राठौड़ ने स्वयं परिवादियों की समस्याएं सुनीं और उनसे सीधे संवाद कर फीडबैक लिया। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जैसलमेर के उम्मेद सिंह, दौसा के मनीष, भरतपुर के तेजसिंह, डीडवाना-कुचामन के नेमीचंद बारूपाल, गंगानगर के सूरज कुमार, अलवर के राजाराम मीणा, जयपुर के लोकेन्द्र, संदीप शर्मा व प्रेम देवी मीणा, जोधपुर के सुनील, बीकानेर के राजेन्द्र, उदयपुर के हीरालाल, नागौर के प्रकाश, बांसवाड़ा के पवन तथा कोटा के उमेश सोनी सहित अन्य परिवादियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से सभी विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद स्थापित कर रहे हैं। 181 हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कराकर उसका शीघ्र समाधान प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *