मथुरा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दुनिया की सबसे लग्जरी ट्रेनों में से एक महाराजा एक्सप्रेस से गुरुवार सुबह मथुरा के वृंदावन पहुंचीं। यहां उन्होंने ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वह निधिवन पहुंचीं। यहां वृक्षों की पूजा की और 500 मीटर परिक्रमा लगाई। राष्ट्रपति श्रीकुब्जा मंदिर और सुदामा कुटी भी जाएंगी। वह गुरुवार सुबह 8 बजे दिल्ली से रवाना हुईं। करीब डेढ़ घंटे बाद यानी 10 बजे वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन पहुंचीं। ट्रेन के 18 में से 12 कोच राष्ट्रपति और उनके स्टाफ के लिए रिजर्व रखे गए थे। इनमें प्रेसिडेंशियल सुइट, डीलक्स सुइट, रेस्टोरेंट, लाउंज और पावर कार शामिल हैं। राष्ट्रपति मुर्मू 7 घंटे मथुरा-वृंदावन में रुकेंगी। इस दौरान वह कई धार्मिक स्थलों पर दर्शन के लिए जाएंगी। द्रौपदी मुर्मू श्रीकृष्ण जन्मस्थान जाने वाली देश की दूसरी राष्ट्रपति हैं। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान के दर्शन किए थे। सुदामा कुटी से होटल के लिए रवाना हुईं राष्ट्रपति सुदामा कुटी में दर्शन-पूजन के बाद राष्ट्रपति होटल रेडिशन के लिए रवाना हुई हैं। यहां वह दोपहर 3 बजे तक आराम करेंगी। यहीं उनके लंच की व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति बांके बिहारी के दर्शन करने के बाद निधिवन पहुंचीं। वह यहां करीब आधे घंटे तक रहीं । उन्होंने यहां 500 मीटर परिक्रमा लगाई। उन्होंने बिहारी जी की प्राकट्य स्थली, रंग महल, रास मंडल, बंशी चोरी राधा रानी और स्वामी हरिदास जी के समाधि स्थल के दर्शन किए। बांके बिहारी मंदिर के गोस्वामी फ्रैंकी गोस्वामी ने राष्ट्रपति मुर्मू से पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति करीब मंदिर में आधे घंटे तक रहीं। वह यहां का कल्चर जानने के बाद काफी खुश हुईं। उन्होंने भेंट में ठाकुर जी के लिए एक लिफाफा भी दिया।

दुनिया की सबसे लग्जरी ट्रेन से मथुरा पहुंचीं राष्ट्रपति, बांके बिहारी के दर्शन किए
ram