पिछले कई सालों में भारत आसियान देशों के बहुत करीब पहुंचा है। इनमें से एक देश इंडोनेशिया है जिसके साथ संबंध सबसे ज्यादा मजबूत होते नजर आए हैं। भारत इंडोनेशिया संबंध बहुत तेजी के साथ आगे बढ़ रहे हैं। यही वजह है कि इस बार गणतंत्र दिवस समारोह पर भारत की तरफ से इंडोनेशिया को आमंत्रित किया गया। अब इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भारतीय गणतंत्र दिवस की शोभा बढ़ाने वाले हैं। इस गणतंत्र दिवस की शोभा बढ़ाने के लिए इंडोनेशिया के राष्ट्रपति का विमान अब भारत की सरजमीं पर लैंड भी कर चुका है। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति अब भारत आए हैं तो वो न सिर्फ भारत के सबसे बड़े समारोह का हिस्सा बनेंगे।
इसके साथ ही वो कई बड़ी ऐसी डील करने वाले हैं जिसपर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी होंगी। इंडोनेशियाई राष्ट्रपति का हवाई अड्डे पर विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर कहा कि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो का भारत की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर नयी दिल्ली पहुंचने पर हार्दिक स्वागत है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी। सुबियांतो की यात्रा के दौरान दोनों पक्षों द्वारा कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौते किए जाने की उम्मीद है। वह भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने वाले चौथे इंडोनेशियाई राष्ट्रपति होंगे। इंडोनेशिया के पहले राष्ट्रपति सुकर्णो 1950 में भारत के पहले गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि थे।