राष्ट्रपति ने लखपति बिटिया, होली–दीपावली पर मुफ्त गैस सिलेंडर और सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड योजना का किया शुभारंभ

ram

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को दिल्ली सरकार की लखपति बिटिया योजना, होली–दीपावली पर मुफ्त गैस सिलेंडर योजना, सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड और 40,642 बेटियों के खातों में 100 करोड़ रुपये प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) हस्तांतरण का शुभारंभ हुआ।

राष्ट्रपति ने यहां के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। सैनिक के रूप में वे देश की सीमाओं की रक्षा कर रही हैं। वैज्ञानिक के रूप में प्रयोगशालाओं में शोध कर रही हैं। खेल प्रतिस्पर्धाओं में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का तिरंगा लहरा रही हैं। राजनीति, समाजसेवा, प्रशासन तथा व्यापार जगत– सभी क्षेत्रों में महिलाएं नई ऊंचाइयां छू रही हैं। इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और डा. पंकज कुमार सिंह मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षित बनाना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और उनको प्रोत्साहन एवं सहयोग देना, हम सबका कर्तव्य है। हमें अपनी बेटियों को यह विश्वास दिलाना है कि वे सपने देखने और उन्हें पूरा करने की क्षमता रखती हैं तथा हम उनके सपनों को साकार करने में उनके साथ खड़े हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि नई दिल्ली देश की राजधानी है। यहां देश के हर राज्य और क्षेत्र के लोग रहते हैं। यदि दिल्ली की महिलाएं सुरक्षित, शिक्षित, और आत्मनिर्भर होंगी, समाज के हर क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ नेतृत्व प्रदान करेंगी तब पूरे देश में सकारात्मक संदेश जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज दिल्ली के इतिहास में नारी शक्ति के नाम एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। यह केवल योजनाओं का शुभारंभ नहीं है। यह सम्मान का संकल्प है। यह विश्वास का विस्तार है। यह उस शक्ति का अभिनंदन है, जो हर घर की धुरी है, हर परिवार की ताकत है। उन्होंने कहा कि जब बेटी सशक्त होती है, परिवार सशक्त होता है। जब महिला आत्मनिर्भर होती है, समाज आत्मविश्वासी बनता है। और जब नारी शक्ति आगे बढ़ती है, तब विकसित दिल्ली का मार्ग और स्पष्ट हो जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की नारी शक्ति को अवसर, सुरक्षा और सम्मान मिलेगा, आज का दिन यही संदेश देगा। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति ही विकसित दिल्ली की नई पहचान बनेगी। उन्होंने बहनों, माताओं और प्यारी बेटियों को ढेरों शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सपने देखिए, अपना कल संवारिए, हमारी सरकार हर कदम पर आपके साथ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *