मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए आरजेडी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी गरीबों, दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के नाम पर राजनीति करते आए हैं, लेकिन बराबरी का अधिकार तो दूर, ये परिवार से बाहर के लोगों को सम्मान तक नहीं देते। इन लोगों का अहंकार आज पूरा बिहार देख रहा है। हमें बिहार को इनकी बुरी नीयत से बचाकर रखना है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्वी भारत को आगे बढ़ाने के लिए हमें बिहार को विकसित बिहार बनाना है। आज बिहार में इतनी तेजी से काम इसलिए हो रहा है क्योंकि केंद्र और राज्य में बिहार के लिए काम करने वाली सरकार है। जब केंद्र में कांग्रेस और आरजेडी की सरकार थी, तो यूपीए के 10 साल में बिहार को सिर्फ 2 लाख करोड़ रुपए के आसपास मिले। यानी नीतीश जी की सरकार से ये लोग बदला ले रहे थे। बिहार से बदला ले रहे थे। 2014 में केंद्र में आपने मुझे सेवा करने का अवसर दिया। केंद्र में आने के बाद मैंने बिहार से बदला लेने वाली उस पुरानी राजनीति को भी समाप्त कर दिया। पिछले 10 साल में, एनडीए के 10 वर्षों में बिहार के विकास के लिए जो राशि दी गई है, वो पहले से कई गुना ज्यादा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “कांग्रेस और राजद के मुकाबले कई गुना ज्यादा पैसा बिहार को हमारी सरकार ने दिया। ये पैसा बिहार में जनकल्याण और विकास परियोजनाओं में काम आ रहा है। आज की पीढ़ी को जानना जरूरी है कि बिहार दो दशक पहले किस तरह हताशा में डूबा हुआ था। आरजेडी और कांग्रेस के राज में विकास पर ब्रेक था, गरीब का पैसा गरीब तक पहुंचना असंभव था। जो शासन में थे, उनमें बस यही सोच थी कि कैसे गरीब के हक का पैसा लूट लें।”
मोतिहारी में विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी , कहा- हमें बिहार को इनकी बुरी नीयत से बचाना है
ram


