चंड़ीगढ़। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), जयपुर द्वारा वरिष्ठ संपादकों एवं रिपोर्टरों का प्रतिनिधिमंडल 18 से 23 फरवरी 2026 के दौरान चंडीगढ़, पंजाब व हरियाणा के दौरे पर है । इस दौरान रेलवे द्वारा संचालित अमृत भारत स्टेशन रेल परियोजनाओं का अवलोकन किया। इस बारे में जानकारी देते हुए संयुक्त महाप्रबंधक श्री सौरभ सिंह ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत 462 करोड़ रुपए से रेलवे स्टेशन का विस्तार किया जाएगा। इसके अंतर्गत विभिन्न अत्याधुनिक सुविधाओं को लेकर कार्य किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल का स्वागत आरएलडीए के वरिष्ठ अधिकारियों, मुख्य परियोजना प्रबंधक श्री बलबीर सिंह एवं संयुक्त महाप्रबंधक (परियोजनाएं) श्री सौरभ सिंह ने किया। अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन के प्रोजेक्ट की परियोजना की परिकल्पना एवं प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुति दी तथा निर्माण स्थल का अवलोकन कराया।
परियोजना का संक्षिप्त विवरण एवं वित्तीय स्थिति
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास आरएलडीए द्वारा ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एवं कंस्ट्रक्शन) मोड पर किया जा रहा है। यह परियोजना स्टेशन को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो चंडीगढ़ ट्राइसिटी क्षेत्र की बढ़ती आवश्यकताओं को पूरा करेगी। भौतिक प्रगति: 87% कार्य पूर्ण, वित्तीय प्रगति: 75%, कुल विकास क्षेत्र: 1,92,248 वर्गमीटर परियोजना लागत: ₹462 करोड़, स्टेशन चंडीगढ़ एवं पंचकूला दोनों ओर जी+3 नए भवन (प्रत्येक 8,367 वर्गमीटर), एयर कांकॉर्स: 72 मीटर चौड़ा एवं 80 मीटर लंबा विशाल कांकॉर्स बेहतर संपर्क व्यवस्था: 12 मीटर चौड़े दो नए फुट ओवर ब्रिज दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं: 30 लिफ्ट एवं 10 एस्केलेटर यात्री सुविधाएं “एयरपोर्ट जैसा अनुभव” प्रदान करने की दिशा में विकसित किया जा रहा है वाणिज्यिक क्षेत्र: 4,000 वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में फूड प्लाजा, रिटेल आउटलेट एवं रेस्टोरेंट, विश्राम सुविधा: 9 वातानुकूलित रिटायरिंग रूम एवं 3 डॉर्मिटरी (प्रत्येक में 8 बेड) हरित ऊर्जा: 1350 kWp क्षमता का सोलर प्लांट, स्मार्ट प्रबंधन: अत्याधुनिक बिल्डिंग मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) एवं कमांड कंट्रोल रूम उपलब्ध होगा। इस परियोजना का लक्ष्य स्टेशन को विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं से लैस करना और स्थानीय वास्तुकला को संरक्षित करना है। प्रतिनिधिमंडल ने पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल का स्वागत प्रो. विपिन कौशल, चिकित्सा अधीक्षक, पीजीआईएमईआर द्वारा किया गया। उन्होंने संस्थान की नैदानिक सेवाओं, रोगी देखभाल प्रणाली तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा को सुदृढ़ बनाने हेतु किए जा रहे सुधारों की विस्तृत जानकारी दी। अस्पताल प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. नवीन पांडेय ने आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के क्रियान्वयन एवं प्रभाव पर प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 से अब तक पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ ने लाभार्थियों का उपचार किया है, जिससे यह देश के अग्रणी सार्वजनिक तृतीयक स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल है।
विशेषज्ञता के आधार पर लाभार्थियों का विवरण है
मेडिकल ऑन्कोलॉजी: 56,080
जनरल मेडिसिन: 42,870
कार्डियोलॉजी: 15,050
न्यूरोसर्जरी: 13,500
ऑर्थोपेडिक्स: 11,220
किडनी प्रत्यारोपण: 211
पीजीआईएमईआर जटिल एवं जीवनरक्षक उपचारों को सार्वजनिक स्वास्थ्य बीमा ढांचे के अंतर्गत सफलतापूर्वक प्रदान कर रहा है। प्रतिनिधिमंडल को यह भी अवगत कराया गया कि कुछ मामलों में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के द्वारा दोषियों को दंड अथवा क्षतिपूर्ति की राशि इस फंड में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे जरूरतमंद मरीजों को उन्नत उपचार उपलब्ध कराया जा सके। पत्रकारों को अंगदान एवं प्रत्यारोपण के क्षेत्र में संस्थान की उपलब्धियों, समन्वय तंत्र एवं पारदर्शी प्रक्रियाओं, आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों की भी जानकारी दी । पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने एंडोक्राइनोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. संजय भदादा से भी मुलाकात की, जिन्होंने मधुमेह एवं मेटाबोलिक बोन डिजीज की बढ़ती घटनाओं, विभाग में उपलब्ध विशेष सुविधाओं तथा भारी रोगी भार के बारे में जानकारी दी। दौरे में पत्रकारों ने देशभर के मरीजों को सुलभ, किफायती एवं उच्च गुणवत्ता वाली तृतीयक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में पीजीआईएमईआर की कार्यकुशलता, व्यापकता एवं मानवीय दृष्टिकोण की सराहना की। पत्रकार दल पत्रकार दल इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रोपड़, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ईलेक्ट्रोनिक्स एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, रोपड़ तथा डॉ बी आर अंबेडकर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, जालंधर का दौरा करेगा। पत्रकार दल का यह भ्रमण राज्य में केंद्र सरकार की विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को समझने तथा मीडिया प्रतिनिधियों को प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। दल ने पीआईबी का दौरा किया भी किया। इस अवसर पर निदेशक श्री प्रीतम सिंह ने दल से दौरे की विस्तृत जानकारी ली। इस अवसर पर उपनिदेशक सुश्री सपना, मीडिया एवं संचार अधिकारी श्री अहमद खान व आशीष वर्मा मौजूद रहे।



