फलौदी। इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अशोका हर्बल फैक्ट्री (F-74) में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में रखी करीब 25 लाख रुपये की सोनामुखी जलकर राख हो गई। जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 6 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही व्यवसायी पवन व्यास ने तुरंत अग्निशमन दल व नगर परिषद को सूचित किया। नगर परिषद से नवीन गुचिया एवं उनकी टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 11 बजे तक आग पर नियंत्रण पाया जा सका। फैक्ट्री मालिक की पहचान देवेंद्र श्रीमाली निवासी सोजत के रूप में हुई है। मौके पर पुलिस भी पहुंची और हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की पुष्टि हुई है। आग से फैक्ट्री में रखा संपूर्ण माल जल गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से आग को आसपास की फैक्ट्रियों तक फैलने से रोका गया। घटना से उद्योग क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फलौदी : फैक्ट्री में आग से 25 लाख का सोनामुखी जला
ram