फलोदी। जिले में अवैध मादक पदार्थाें की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना जाम्बा पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान की गई कार्रवाई में करीब 49.84 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एम.डी.एम.ए. बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग नौ लाख रूपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक फलोदी कुंदन कंवरिया आईपीएस ने बताया कि अभियान के दिशा-निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फलोदी ब्रजराज सिंह चारण आरपीएस एवं वृताधिकारी अचलसिंह देवड़ा के सुपरविजन में थानाधिकारी जाम्बा खेताराम मय टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान आरोपी अबेदअल्ला पुत्र अब्दुल सकूर उम्र 32 वर्ष, निवासी खालतों का बास, बाप जिला फलोदी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 49.84 ग्राम एम.डी.एम.ए. व परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा अग्रिम अनुसंधान पुलिस थाना भोजासर द्वारा किया जा रहा है। जांच में सामने आया कि आरोपी खुद भी एम.डी.एम.ए. का सेवन करता है तथा नागौर सहित आसपास के क्षेत्रों में तस्करी करता था। कम समय में शॉर्टकट तरीके से धन कमाने के लालच ने उसे इस अवैध धंधे की ओर धकेला। पुलिस रिकॉर्ड में वह नागौर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में अवैध स्मैक सप्लाई के प्रकरण में भी वांछित है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थाें का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। ऐसे पदार्थों की तस्करी, परिवहन व सेवन से संबंधित सूचना तुरंत पुलिस को उपलब्ध कराएं ताकि समाज से इस बुराई का पूर्ण उन्मूलन किया जा सके।

फलोदी पुलिस की कार्यवाही, नौ लाख कीमत की एमडीएमए बरामद, आरोपी गिरफ्तार
ram


