जयपुर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में जेहादियों द्वारा किए गए नृशंस हत्याकांड से आक्रोशित हिंदू समाज ने रविवार को आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित की। सुबह ग्वाल झांकी से लेकर शयन झांकी तक करीब 25 हजार शोकाकुल लोगों ने जयपुर के नीरज उधवानी सहित इस हमले में जान गंवाने वाले सभी 26 लोगों के चित्रों के समक्ष श्रद्धा सुमन अर्पित किए।मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि सभा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में नौ कुंडीय हुतात्मा शांति गोविंद गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया।श्रद्धालुओं ने मृतकों की आत्मा की शांति, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और शोक संतप्त परिजनों को ढांढ़स बंधाने की प्रार्थना करते हुए यज्ञ देवता को आहुतियां समर्पित कीं।
सनातन बोर्ड संघर्ष समिति के अध्यक्ष राहुल द्विवेदी, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन संवर्धन परिषद राजस्थान राज्य के सदस्य कुलदीप सुरोलिया और गौ क्रांति मंच के अध्यक्ष ताराचंद कोठारी ने यज्ञ का प्रारंभ कराया।गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के सह व्यवस्थापक मणि शंकर चौधरी के निर्देशन में डॉ अजय भारद्वाज, दिनेश आचार्य और दिनेश मारबदे की टोली ने नौ कुंडीय हुतात्मा शांति गोविंद गायत्री महायज्ञ संपन्न कराया। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष नागरिकों की आत्मा की शांति के लिए काले तिल और जौ से विशेष आहुतियां दी गईं। अमावस्या होने के कारण श्रद्धालुओं ने अपने दिवंगत पितरों के निमित्त भी विशेष आहुतियां अर्पित कीं। इससे पूर्व विश्व शांति के लिए गायत्री एवं महामृत्युंजय महामंत्र से 108 आहुतियां प्रदान की गईं। सैनिकों के शौर्य में वृद्धि और अनिष्ट निवारण के लिए भी विशेष आहुतियां समर्पित की गईं। इस दौरान हरि नाम संकीर्तन भी किया गया।
संत महंतों ने की दुष्टों के साथ दुष्टता के व्यवहार की वकालत:
श्रद्धांजलि सभा में गोविंद देव जी मंदिर के महंत अंजन कुमार गोस्वामी ने कहा कि आजादी से पहले अंग्रेजों ने ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति के तहत पाकिस्तान का निर्माण किया, जो तब से भारत के लिए सिरदर्द बना हुआ है। उन्होंने इसका एकमात्र समाधान पाकिस्तान का भारत में पुनः विलय, यानी अखंड भारत बताया।महंत गोस्वामी ने कहा कि हमें भगवान के सिवा किसी से डरने की आवश्यकता नहीं है और देश के हर वर्ग ने आजादी की लड़ाई में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है, और जरूरत पड़ने पर वे पीछे नहीं हटेंगे। अवधेशाचार्य महाराज ने कहा कि कश्मीर में जेहादी हमला करने वाले बातचीत से सुधरने वाले नहीं हैं। उन्होंने शास्त्रों का हवाला देते हुए कहा कि दुष्ट के साथ दुष्टता का व्यवहार ही उचित है और अत्याचार सहने वाला भी कम दोषी नहीं होता, इसलिए अत्याचार का मुंहतोड़ जवाब दिया जाना चाहिए। पंडित राजकुमार चतुर्वेदी ने हिंदू समाज से एकजुटता का परिचय देने का आह्वान किया और जेहादी मानसिकता रखने वालों से किसी भी प्रकार का संबंध न रखने की बात कही।
गोविंद देव जी मंदिर के महंत अंजन कुमार गोस्वामी महाराज की उपस्थिति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अवधेशाचार्य महाराज, युवाचार्य राघवेंद्र, सुदर्शनाचार्य महाराज, महामंडलेश्वर सियाराम दास महाराज, नहर का गणेश जी मंदिर के महंत जयकुमार शर्मा, मानव शर्मा, लाडली जी मंदिर के संजय गोस्वामी, मेंहदीपुर बालाजी से सुदीप तिवारी, पंचमुखी मंदिर से रामराज महाराज, शनि धाम के रंधावा बाबा, परकोटा गणेश मंदिर के महंत अमित शर्मा, चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर मंदिर के महंत अमित पराशर और रामगंज बाजार स्थित प्राचीन श्याम मंदिर के महंत लोकेश मिश्रा सहित अनेक मंदिरों के संत महंत मौजूद रहे। शहीद का दर्जा देने की मांग: श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने आए लोगों ने मृतकों के चित्रों के समक्ष भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कई विदेशी पर्यटकों ने भी पुष्प चढ़ाकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। लोगों ने सरकार से मांग की कि जेहादी हमले में मारे गए सभी लोगों को ‘शहीद नागरिक’ का दर्जा दिया जाए और उनके नाम पर सड़कों और पार्कों का नामकरण किया जाए।
श्रद्धांजलि सभा और यज्ञ में इनकी रही उपस्थिति:
गायत्री परिवार राजस्थान जोन प्रभारी ओम प्रकाश अग्रवाल, गायत्री शक्ति पीठ वाटिका के व्यवस्थापक रणवीर सिंह चौधरी, सनातन बोर्ड संघर्ष समिति के अध्यक्ष राहुल द्विवेदी, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन संवर्धन परिषद के सदस्य कुलदीप सुरोलिया, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के घुमन्तु जाति कार्य महानगर संयोजक राकेश कुमार शर्मा, सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा, योगाचार्य मनीष विजयवर्गीय, इंडियन फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश्वर शर्मा, सालासर बालाजी मंदिर के पुजारी डॉ विष्णु दत्त शर्मा, शिक्षाविद मनीष राजपुरोहित, समाजसेवी अभिषेक शर्मा, कुलदीप शर्मा और ओम श्रीमाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



