बगरू के अजयराजपुरा में आयुर्वेद औषधालय खोलने पर प्राथमिकता से होगा विचार – उप मुख्यमंत्री

ram

जयपुर। उप मुख्यमंत्री व आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा पद्धति मंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि बगरू की ग्राम पंचायत अजयराजपुरा में आयुर्वेद औषधालय खोलने के संबंध में वित्तीय संसाधनों और गुणावगुण के आधार पर प्राथमिकता से विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर चरणबद्ध तरीके से आयुर्वेद औषधालय खोले जाने का प्रावधान किया गया है। आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा पद्धति मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्री कैलाश वर्मा द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत अजयराजपुरा में वर्तमान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग का उप स्वास्थ्य केन्द्र संचालित है। इसके अलावा यहां से करीब 8 किलोमीटर दूर कलवाड़ा में आयुर्वेदिक औषधालय संचालित है। इससे पूर्व मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा पद्धति मंत्री ने बताया कि आयुष नीति 2021 के अनुसार ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर गुणावगुण के आधार पर चरणबद्ध रूप से आयुर्वेद औषधालय खोले जाने का प्रावधान है। आयुर्वेद विभाग के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र बगरू में वर्तमान में 19 आयुर्वेद औषधालय संचालित हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत अजयराजपुरा में आयुर्वेद औषधालय खोलने से संबंधित कोई प्रस्ताव वर्तमान में विचाराधीन नहीं है। इसके साथ ही बजट वर्ष 2026-27 में भी ग्राम पंचायत अजयराजपुरा में नए आयुर्वेद औषधालय की स्थापना से संबंधित कोई घोषणा नहीं की गई है। हालांकि भविष्य में इस संबंध में प्रस्ताव प्राप्त होने पर निर्धारित मापदण्डों तथा बजट की उपलब्धता के आधार पर निर्णय लिया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *