जयपुर, झालावाड़, कोटपूतली और जोधपुर में जल्द आएंगी हाउसिंग बोर्ड की नई आवासीय योजनाएं, आवासन आयुक्त ने सामुदायिक भवनों की बुकिंग सहित अन्य सेवाओं को पूर्णतः ऑनलाइन करने के दिए निर्देश

ram

जयपुर। राजस्थान आवासन मण्डल की आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा ने मंगलवार को मण्डल मुख्यालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जयपुर, झालावाड़, कोटपूतली एवं जोधपुर में प्रस्तावित नवीन आवासीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन चिन्हित शहरों में समाज के विभिन्न आय वर्गों के लिए सुनियोजित, किफायती एवं उच्च गुणवत्तापूर्ण आवासीय योजनाएं अविलंब धरातल पर लाई जाएं। डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि मण्डल का प्राथमिक ध्येय नागरिकों को आवास उपलब्ध कराने के साथ-साथ सुविधायुक्त, सुरक्षित और आधुनिक मानकों पर आधारित एक सर्वांगीण आवासीय परिवेश प्रदान करना है। बैठक के दौरान आयुक्त ने विभागीय कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक के समावेश और ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार पर विशेष बल देते हुए कहा कि मण्डल की सेवाओं को पूर्णतः डिजिटल बनाये जाने की कार्ययोजना तैयार कर चरणबद्ध रूप से कार्य किया जाए। उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा हेतु सामुदायिक भवनों की बुकिंग प्रक्रिया को पूर्णतः ऑनलाइन करने की दिशा में कार्य अत्यंत तीव्र गति से प्रगति पर है, जिसके प्रभावी होने से आमजन को पारदर्शी, सुगम और त्वरित सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। इसके अतिरिक्त डॉ. शर्मा ने कार्यालय परिसरों की स्वच्छता, फाइलों के सुव्यवस्थित संधारण एवं नागरिक-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने हेतु विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्त प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं को समय सीमा में पूर्ण करें ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक नागरिकों का स्वयं के आवास का सपना जल्द साकार हो सके। बैठक में मण्डल सचिव गोपाल सिंह, उप सचिव डॉ अशोक कुमार, मुख्य अभियंता टीएस मीणा, प्रतीक श्रीवास्तव, वित्तीय सलाहकार केसी कुमावत सहित अन्य उच्च अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *