11 जिलों में नए कलेक्टर… राजस्थान सरकार ने किए बड़े प्रशासनिक फेरबदल

ram

जयपुर। राज्य सरकार ने रविवार देर रात राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 62 अफसरों का तबादला किया है। 11 जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। वहीं 21 आईएएस को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आईएएस अखिल अरोड़ा का 5 साल बाद वित्त विभाग से तबादला कर उन्हें जलदाय विभाग में ACS के पद पर लगाया गया है। अपर्णा अरोड़ा को वन विभाग से सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग में ACS लगाया है। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव आलोक गुप्ता का तबादला उद्योग विभाग में प्रमुख सचिव के पद पर किया गया हैं। पूर्व सीएम अशोक गहलोत के प्रमुख सचिव रहे कुलदीप रांका को सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग से उच्च और तकनीकी शिक्षा के ACS की जिम्मेदारी दी गई।

आनंद कुमार को गृह विभाग से हटाया

आईएएस आनंद कुमार को करीब ढाई साल बाद गृह विभाग से हटाया। आनंद कुमार को गहलोत सरकार ने अक्टूबर 2022 में गृह विभाग में लगाया था। प्रमोशन होने पर भजनलाल सरकार ने उन्हें होम में ही एसीएस होम की जिम्मेदारी सौंप दी थी, लेकिन अब उन्हें होम से हटाकर एसीएस फॉरेस्ट लगाया। सरकार ने अब आनंद कुमार की जगह भास्कर ए सावंत को होम की जिम्मेदारी है। उन्हें एसीएस होम के पद पर लगाया है। वहीं वित्त विभाग की जिम्मेदारी अब आईएएस वैभव गालरिया के पास होगी। उन्हें प्रमुख शासन सचिव वित्त के पद पर लगाया है।

अजिताभ शर्मा को उद्योग से ऊर्जा विभाग में भेजा

अमिताभ शर्मा को उद्योग विभाग से ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। अमिताभ शर्मा ने उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव रहते हुए राइजिंग राजस्थान सम्मेलन करवाया था।

देवाशीष पृष्टि को यूडीएच, रवि जैन स्वायत्त शासन विभाग की जिम्मेदारी

देवाशीष पृष्टि को यूडीएच विभाग की कमान सौंपी गई हैं। देवाशीष करीब साढ़े 4 साल ब्रुसेल्स में भारतीय उच्चायुक्त में डिप्टी चीफ ऑफ मिशन की जिम्मेदारी संभालने के बाद पिछले साल ही राजस्थान लौटे थे। उसके बाद उन्हें वित्त विभाग में लगाया गया था, लेकिन अब उन्हें प्रमुख शासन सचिव यूडीएच विभाग लगाया गया है, जबकि रवि जैन को पर्यटन से स्वायत्त शासन के सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

जयपुर ग्रेटर और हेरिटेज के आयुक्त बदले

जयपुर ग्रेटर नगर निगम की आयुक्त रुक्मिणी रियार का तबादला कर उन्हें पर्यटन विभाग के आयुक्त पद पर लगाया है। गौरव सैनी ग्रेटर नगर निगम के नए आयुक्त होंगे। सैनी अभी कौशल रोजगार आयुक्त हैं। वहीं हेरिटेज नगर निगम आयुक्त अरुण हसीजा का तबादला राजसमंद कलेक्टर के पद पर किया है।

कमर उल जमन चौधरी मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर के कलेक्टर होंगे

कमर उल जमन चौधरी मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर के कलेक्टर होंगे। जलदाय विभाग के संयुक्त सचिव से उनका भरतपुर कलेक्टर पद पर तबादला किया है। पहले दौसा कलेक्टर रह चुके हैं।

रिश्वत मामले में हटाए गए हनुमान मल ढाका को विभागीय जांच का जिम्मा

दूदू कलेक्टर रहते हुए रिश्वत मामले में हटाए गए हनुमान मल ढाका को विभागीय जांच निदेशक के पद पर पोस्टिंग दी गई है। दूदू कलक्टर रहते हुए आईएएस हनुमान मल ढाका पर लैंड कन्वर्जन के बदले 25 लाख रुपए की घूस मांगने का आरोप लगा था। एसीबी ने उनके खिलाफ मामला दर्ज करके दूदू कलेक्टर कार्यालय में रेड भी मारी थी। सरकार ने ढाका को 27 अप्रैल को एपीओ कर दिया था, तब से ढाका APO चल रहे थे।

झुंझुनूं में कलेक्टर और SP के पद खाली हुए

झुंझुनूं कलेक्टर रामावतार मीणा का तबादला विभागीय जांच निदेशक के पद पर कर दिया है। मीणा की जगह अभी किसी को नहीं लगाया है, झुंझुनूं कलेक्टर का पद खाली हो गया है। झुंझुनूं में एसपी का पद पहले से खाली चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *