नई दिल्ली। iQOO ने भारत में अपना एक और नया 5G फोन लॉन्च कर दिया है जिसे कंपनी ने iQOO Z11x 5G के नाम से पेश किया है। यह फोन Z11 लाइनअप का लेटेस्ट एडिशन बताया जा रहा है। नया स्मार्टफोन देश में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Amazon के जरिए खरीदने के लिए उपलब्ध होने वाला है। फोन भारत में तीन स्टोरेज और दो कलर ऑप्शन में खरीदने के लिए उपलब्ध होगा।ऑल न्यू iQOO Z11x 5G में ऑक्टा कोर मीडियाटेक 7400 टर्बो चिपसेट देखने को मिल रहा है, जो 4nm प्रोसेस पर बना है। इतना ही नहीं इस फोन में 7,200mAh की बड़ी बैटरी भी देखने को मिल रही है जिसके साथ 44W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी मिल रहा है। डिवाइस में डुअल रियर कैमरा सेटअप भी मिल रहा है, जिसमें 50-मेगापिक्सल का प्राइमरी शूटर है। चलिए पहले इसकी कीमत जान लेते हैं…
iQOO Z11x 5G की कीमत और उपलब्धता
कीमत की बात करें तो iQOO Z11x 5G के बेस वेरिएंट की कीमत 18,999 रुपये से शुरू होती है जिसमें आपको 6GB + 128GB रैम और स्टोरेज वेरिएंट मिलता है। जबकि डिवाइस के 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत 20,999 रुपये है। डिवाइस के 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले टॉप वेरिएंट की कीमत 22,999 रुपये है। डिवाइस पर Axis Bank और SBI क्रेडिट कार्ड के जरिए 2,000 तक का इंस्टेंट डिस्काउंट मिल रहा है। फोन की पहली सेल 16 मार्च को दोपहर 12 बजे से Amazon पर शुरू होगी। फोन प्रिज़्मैटिक ग्रीन और टाइटन ब्लैक कलर में उपलब्ध होगा।
iQOO Z11x 5G के स्पेसिफिकेशन्स
स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो iQOO Z11x 5G में 6.76-इंच का LCD डिस्प्ले मिल रहा है, जो 120Hz तक रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। साथ ही इस फोन में 382 ppi पिक्सल डेंसिटी और 1,200 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलती है। डस्ट और वॉटर रेजिस्टेंस के लिए फोन में IP68 और IP69+ रेटिंग मिलती है। डिवाइस एंड्रॉयड 16-बेस्ड OriginOS 6 पर चलता है। फोन को पावर देने के लिए इसमें 4nm ऑक्टा कोर मीडियाटेक 7400 टर्बो चिपसेट है। डिवाइस में चार परफॉर्मेंस कोर, जो 2.6GHz की पीक क्लॉक स्पीड देती हैं और चार एफिशिएंसी कोर हैं जो 2.0GHz पर क्लॉक की गई हैं। फोन में 8GB तक LPDDR4x रैम और 256GB तक UFS 3.1 स्टोरेज भी मिलती है। सिक्योरिटी के लिए फोन में साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट स्कैनर दिया गया है।
iQOO Z11x 5G के कैमरा स्पेक्स
फोटोग्राफी के लिए iQOO Z11x 5G में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलने वाला है, जहां f/2.45 अपर्चर वाला 50-मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा मिल रहा है। साथ ही फोन में एक और शूटर है जिसके बारे में जानकारी नहीं है। सेल्फी के लिए फोन में सामने की तरफ 32-मेगापिक्सल का फ्रंट-फेसिंग कैमरा है। इसके अलावा इस डिवाइस में 7,200mAh बैटरी और 44W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिल रहा है।



