मोदी नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ेंगे, लगातार चौथी बार सत्ता में आएंगे: आठवले

ram

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जवाहर लाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ेंगे और लगातार चौथी बार सत्ता बरकरार रखेंगे। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के प्रमुख आठवले बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर हैं।उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया और कहा कि जद (यू) अध्यक्ष का स्वास्थ्य अच्छा है और वह कम से कम पांच से दस साल तक सत्ता में रहेंगे।अपनी बात बेबाकी से कहने के लिए मशहूर आठवले ने अपने गृह राज्य महाराष्ट्र में हाल में हुए सांप्रदायिक तनाव के लिए ब्लॉकबस्टर फिल्म छावा को जिम्मेदार ठहराया और औरंगाबाद में स्थित औरंगजेब के मकबरे को हटाने की मांग को बंद करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा, मुझे नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली टीम का हिस्सा होने पर गर्व है, जिनके कार्यकाल में हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर हैं।

राज्यसभा सदस्य ने कहा, मोदी ने लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटकर नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। मुझे विश्वास है कि वह रिकॉर्ड तोड़ देंगे और लगातार चौथी बार सत्ता में आएंगे।दलित नेता ने कहा, एक बौद्ध के रूप में, मैं बिहार का बहुत सम्मान करता हूं, वह भूमि जहां बुद्ध ने 2,500 साल से भी पहले ज्ञान प्राप्त किया था। महाबोधि मंदिर परिसर, जो यूनेस्को का विश्व धरोहर स्थल है, पर पूर्ण नियंत्रण की मांग कर रहे बौद्धों के साथ एकजुटता दिखाते हुए बोधगया का दौरा करने के एक दिन बाद आठवले ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाया है।उन्होंने कहा, बिहार सम्राट अशोक की भूमि है, जिन्होंने बुद्ध की शिक्षाओं को विदेशों में फैलाया। आज बौद्ध धर्म के अनुयायी 80 देशों में फैले हुए हैं। उनके लिए यह दुख स्वाभाविक है कि मंदिर का संचालन करने वाले ट्रस्ट में अन्य धर्मों के कई सदस्य हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *