जयपुर। मत्स्य एवं गृह राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढम ने विश्व मत्स्य दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सचिवालय में मत्स्य विभाग द्वारा एन.ई.एम.एल. के माध्यम से विकसित कराये गये नवीन ई-ऑक्शन पोर्टल एवं लाईसेंस मैनेजमेंट सिस्टम तथा विभाग द्वारा तैयार कराई गई प्रचार सामग्री का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि अब मत्स्य विभाग के काम भी ऑनलाइन किए जाएंगे। इसके लिए विभाग के अधिकारी बधाई के पात्र हैं जिन्होंने इस काम को अंजाम दिया। श्री बेढम ने कहा कि अब ई-ऑक्शन पोर्टल के माध्यम से मत्स्य ठेके की बोली लगाने, ठेका राशि जमा कराने, अनुज्ञापत्र जारी करने इत्यादि कार्य विभाग की देख रेख में ऑनलाईन संपादित होगें। शुरूआत में विभाग के ठेके से शेष ’’क’’ एवं ’’ख’’ श्रेणी के जलाशयों के ठेके की कार्यवाही ई-ऑक्शन पोर्टल के माध्यम से की जावेगी। आगामी वर्ष से विभाग के ’’ग’’ एवं ’’घ’’ श्रेणी जलाशयों के मत्स्य ठेके की कार्यवाही भी इसी पोर्टल के माध्यम से सम्पादित किए जाने की योजना है।
इस अवसर पर शासन सचिव मत्स्य एवं पशुपालन विभाग डॉ समित शर्मा ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से सम्पूर्ण ठेका प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता एवं निर्धारित समयानुसार की जा सकेगी। इसके अतिरिक्त ठेका प्रक्रिया में लगने वाले समय की भी बचत होगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में ठेके से शेष रहे ’’क’’ एवं ’’ख’’ श्रेणी जलाशयों का श्रेणीवार एवं जिलेवार विवरण, इनकी आरक्षित दरे एवं निविदा संबंधी दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड किये जा चुके हैं। ठेका प्रक्रिया में भाग लेने से पूर्व इच्छुक बोलीदाताओं का पोर्टल पर पंजीकरण किया जा रहा है।इस अवसर पर श्री बेढम ने विभाग द्वारा संचालित भारत सरकार की प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना के पैम्फलेट, पोस्टर, बुकलेट इत्यादि का भी लोकार्पण किया। इन सभी प्रचार सामग्री का वितरण राज्य के समस्त विभागीय कार्यालयों को किया जायेगा जिससे आमजन इन योजनाओं की जानकारी लेकर लाभान्वित हो सकेंगे। प्रचार सामग्री में खारे पानी में झींगा पालन, केज कल्चर, आर.ए.एस. एवं बायोफ्लॉक तकनीक की जानकारी एवं मत्स्य पालन से संबंधित सामान्य ज्ञान बुकलेट भी तैयार कराई गई है।लोकार्पण कार्यक्रम में मत्स्य विभाग की निदेशक संचिता बिश्नोई, विशिष्ट सचिव, डी.सी. मीणा, विभाग के संयुक्त निदेशक, उप निदेशक, वरिष्ठ लेखाधिकारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम के अन्त में श्री बेढम ने उपस्थित समस्त विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विश्व मत्स्य दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विभाग की उत्तरोत्तर वृद्वि की कामना की।

मत्स्य राज्य मंत्री ने मत्स्य विभाग के नवीन ई- ऑक्शन पोर्टल एवं आईईसी सामग्री का किया लोकार्पण
ram


