जयपुर। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा का आज बजट घोषणा में राजकीय सामान्य चिकित्सालय में बैड संख्या बढ़ाकर 750 करने की घोषणा पर सामान्य चिकित्सालय के कार्मिकों ने अभिनन्दन कर आभार जताया।वन राज्यमंत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत किए गए अब तक के तीनों बजटों में अलवर शहर एवं अलवर जिले को विकास की अनेकों सौगातें दी गई हैं। उन्होंने कहा कि इस बार का बजट रिफॉर्म, ट्रांसफॉर्म और इनफॉर्म की थीम पर प्रदेश के हर वर्ग किसान, युवा एवं महिला की उन्नति और प्रदेश के विकास के लिए समर्पित बजट है, जिसमें आधारभूत संरचना, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल आपूर्ति, महिला सुरक्षा और किसानों की आमदनी को बढाने के लिए काम किया गया है। उन्होंने कहा कि सामान्य चिकित्सालय बैड संख्या में बढ़ोतरी होने से स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होंगी और आमजन को लाभ मिलेगा। जिले के लिए बजट में विभिन्न सौगातें देने पर उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया।
साफ-सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश
इसके उपरान्त वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने राजकीय सामान्य चिकित्सालय परिसर में संत निरंकारी मिशन द्वारा प्रोजेक्ट अमृत के अंतर्गत चलाए गए साफ-सफाई अभियान में शिरकत की तथा साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अलवर को स्वच्छ व सुन्दर शहर बनाने में सभी नागरिकों की सहभागिता की आवश्यकता है। उन्होंने निरंकारी मिशन की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सफाई अभियान निरंकारी सेवा द्वारा आयोजित किया गया है यह स्वच्छता की दिशा में सराहनीय कदम है। इससे आमजन में स्वच्छता के प्रति और अधिक जागरूकता आएगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेन्द्र यादव के नेतृत्व में विगत वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण में अलवर ने देश में 364वें स्थान से एक बड़ी छलांग लगाते हुए 54वीं रैंक हासिल की तथा इसमें और अधिक सुधार करने के सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि अपने घरों व प्रतिष्ठानों के आसपास सफाई रखने के साथ कचरे को डस्टिबिन में डालकर अलवर को स्वच्छ व सुन्दर शहर बनाने में सहयोग करें।
संत निरंकारी मंडल के जिला संयोजक सोमनाथ निरंकारी ने बताया कि निरंकारी संत गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की प्रेरणा से निरंकारी सेवादारों द्वारा राजकीय चिकित्सालय, शिशु चिकित्सालय, महिला चिकित्सालय, टीवी चिकित्सालय एवं ईएसआईसी डिस्पेंसरी में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया। साथ ही राजगढ़ में अमृत कार्यक्रम के तहत निरंकारी भवन से जागरूकता रैली निकाल कर झरना धाम पर साफ—सफाई कर श्रमदान किया गया।



