महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का नाम तय, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी का इंतजार : रावसाहेब दानवे

ram

मुंबई । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रावसाहेब दानवे ने कहा कि महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री का नाम तय हो गया है और पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा इसकी पुष्टि किए जाने का इंतजार है। पूर्व केंद्रीय मंत्री दानवे ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि महाराष्ट्र के लोग जानते हैं कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने शनिवार को कहा था कि पांच दिसंबर की शाम को दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में महाराष्ट्र की नयी महायुति सरकार का शपथग्रहण समारोह होगा जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शामिल होंगे।

अभी तक इस बात की घोषणा नहीं की गई है कि नया मुख्यमंत्री कौन होगा लेकिन भाजपा सूत्रों ने बताया कि देवेंद्र फडणवीस का नाम सबसे आगे है। फडणवीस दो बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं और वह कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली निवर्तमान सरकार में उपमुख्यमंत्री थे। शिंदे शुक्रवार को सातारा जिले में अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हुए थे। इस बीच अटकलें लगाई जाने लगीं कि वह राज्य की नयी सरकार के गठन के लिए हो रही कवायद के तरीके से खुश नहीं हैं।

उनके एक निकट सहयोगी ने कहा कि शिंदे को अपने पैतृक गांव में तेज बुखार हो गया था, लेकिन अब उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और वह रविवार शाम को मुंबई लौटेंगे। दानवे ने एक क्षेत्रीय समाचार चैनल के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘यहां तक ​​कि लोग भी जानते हैं कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। हम अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा उस व्यक्ति के नाम की पुष्टि किए जाने का इंतजार कर रहे हैं।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *