चंडीगढ़। भारतीय महिला कांग्रेस ने मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह द्वारा सेना अधिकारी कर्नल सफ़िया कुरैशी पर की गई आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की है। महिला कांग्रेस ने इस बयान को महिलाओं की गरिमा पर हमला और देश की सेना तथा उनके सम्मानित महिला अधिकारियों का अपमान करार दिया है।कर्नल सफ़िया कुरैशी, जो एक प्रतिष्ठित सैन्य अधिकारी हैं, के खिलाफ विजय शाह की टिप्पणी में छिपी मानसिकता भाजपा सरकार की महिला विरोधी सोच को उजागर करती है।
इस संदर्भ में महिला कांग्रेस ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग की है कि वे विजय शाह को तत्काल मंत्री पद से बर्खास्त करें और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें।महिला कांग्रेस ने मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय और भारत के सर्वोच्च न्यायालय का आभार व्यक्त किया है, जिन्होंने इस मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। यह न्यायपालिका के प्रति जनता के विश्वास को मजबूत करता है और संविधान एवं कानून की सर्वोच्चता को दर्शाता है।भारतीय महिला कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि भाजपा सरकार ने विजय शाह के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो वे राज्यभर में विरोध प्रदर्शन को व्यापक जन आंदोलन में तब्दील कर देंगी, जब तक न्याय नहीं मिलता।

मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस का विजय शाह के खिलाफ जोरदार विरोध : मंत्री पद से तत्काल बर्खास्तगी की मांग
ram


