सियोल। दक्षिण कोरिया में लगातार चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने भीषण तबाही मचाई है। दक्षिण ग्योंगसांग प्रांत के सांचियोंग काउंटी में भूस्खलनों के चलते कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लापता हैं। शनिवार सुबह सांचियोंग के एक गांव में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान एक 60 वर्षीय व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला, जिसे कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में पाया गया। एक अन्य गांव में हुए भूस्खलन में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दोपहर के बाद हुए एक और कीचड़ भूस्खलन ने दो और लोगों की जान ले ली और एक व्यक्ति लापता हो गया। दमकल अधिकारियों के अनुसार, कुछ ही घंटों में तीन अलग-अलग गांवों में यह त्रासदी घटी। इसी जगह पर एक और व्यक्ति को उस समय कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में पाया गया जब उसका घर बारिश के पानी में डूब गया। सांचियोंग प्रशासन ने सभी निवासियों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। योन्हाप समाचार एजेंसी ने इसकी पुष्टि की। साउथ ग्योंगसांग के ही मिर्यांग शहर में एक 60 वर्षीय चालक की मौत उस समय हो गई जब बाढ़ का पानी उसकी कार को बहा ले गया। शनिवार को अकेले इस प्रांत में पांच लोगों की मौत, दो के लापता होने और दो के कार्डियक अरेस्ट की पुष्टि हुई है। दमकल कर्मी लापता लोगों की तलाश में लगातार जुटे हुए हैं।
दक्षिण कोरिया में मूसलाधार बारिश से भूस्खलन, 9 की मौत, कई लापता
ram