जयपुर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने शनिवार को जयपुर में स्टेट हैंगर पर प्रदेश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र को लेकर बैठक की। इस महत्वपूर्ण बैठक में राजस्थान में हवाई सेवाओं के विस्तार, हवाई पट्टियों में बढ़ोतरी और उन्नयन, हवाई अड्डों पर विकास कार्य, फ्लाइट कनेक्टिविटी बढ़ाने, नवीन ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की संभावनाएं तलाशने सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
घरेलू एयरपोर्ट की संभावनाओं पर किया जाए काम – लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला
हवाई सेवाओं के बेहतर संचालन और नियंत्रण के लिए स्वतंत्र निदेशालय का हो गठन- केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू
बैठक में लोकसभा अध्य ने कहा कि राजस्थान बड़ा भौगोलिक क्षेत्र वाला प्रदेश है। इसलिए धार्मिक, पर्यटन, शिक्षण एवं वाणिज्यिक स्थलों पर सुगम पहुंच के लिए नवीन हवाई पट्टी और घरेलू एयरपोर्ट की संभावनाओं पर काम किया जाना बेहद जरूरी है। इसी प्रकार केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री ने प्रदेश में हवाई सेवाओं के बेहतर संचालन एवं नियंत्रण के लिए स्वतंत्र निदेशालय के गठन का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र तेजी से प्रगति कर सकेगा।
हवाई सेवाओं में बढ़ोतरी एवं नवीन उड़ानों से प्रदेश का एविएशन क्षेत्र बनेगा मजबूत- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बेहतर एयर कनेक्टिविटी और अत्याधुनिक हवाई सुविधाओं के लिए कार्ययोजना के अनुसार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आरसीएस उड़ान योजना के माध्यम से विभिन्न जिलों के मध्य हवाई सेवाओं के विस्तार और बढ़ोतरी तथा प्रमुख हवाईअड्डों से भी नवीन उड़ानों की कार्ययोजना पर काम किया जाना चाहिए। शर्मा ने कहा कि सूरतगढ़ में सिविल एन्कलेव की स्थापना की रूपरेखा पर कार्य किया जाना चाहिए। वहीं, लालगढ़ हवाई पट्टी पर विकास कार्यों के लिए निर्देश भी दिए। साथ ही, उन्होंने डीग-कुम्हेर, सिरोही, सीकर और भिवाड़ी में नवीन ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे क्षेत्रीय विकास होगा एवं आपात स्थिति में वैकल्पिक एयरपोर्ट की सुविधा मिल सकेगी। वहीं, पर्यटन विकास, व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होगी तथा प्रवासी राजस्थानियों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने उत्तरलाई एयरपोर्ट पर नवीन सिविल एन्कलेव एवं एप्रोच रोड़ के कार्य को गति प्रदान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा, अध्यक्ष एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया विपिन कुमार, प्रमुख शासन सचिव नागरिक उड्डयन विभाग नवीन जैन सहित मुख्यमंत्री कार्यालय एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



