जोधपुर:युवा शक्ति का उत्साह भारत के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला : श्री गजेंद्र सिंह शेखावत

ram

जयपुर।केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने शनिवार को जोधपुर के बालेसर में सांसद खेल महोत्सव की ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र की सबसे ऊर्जावान शक्ति बताते हुए कहा कि युवा जिस संकल्प और सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ेंगे, वहीं भारत के भविष्य को नई ऊँचाइयों पर ले जाएगा। खेल महोत्सव का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहन प्रदान करना है। कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान केंद्रीय मंत्री एवं विधायक श्री बाबू सिंह राठौड़ ने रस्साकशी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। श्री शेखावत ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता न होकर युवाओं की सहभागिता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। पंचायत स्तर पर सफल आयोजनों के बाद बालेसर में आयोजित इस ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में लगभग डेढ़ हजार खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत विश्व के सबसे युवा देशों में से एक है और यही युवा जनसंख्या देश की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में भारत के विकास में युवाओं का योगदान निर्णायक भूमिका निभाएगा। श्री शेखावत ने खेलों को जीवन-दर्शन से जोड़ते हुए बताया कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, टीमस्पिरिट और असफलताओं का सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं, जो आज की प्रतिस्पर्धी दुनिया में आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण, पोषण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्री शेखावत ने कहा कि आने वाले वर्षों में देश के प्रत्येक विद्यालय में खेलों की बुनियादी सुविधाएं सुदृढ़ करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि खेलों में बालिकाओं की बढ़ती भागीदारी देश की नई पहचान बन रही है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने “वंदे मातरम” की 150वीं वर्षगांठ पर युवाओं से विशेष अभियान में भागीदारी का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत को अपनी आवाज़ देने का यह एक अनोखा अवसर है, जिसमें देशभर से लाखों युवा जुड़ रहे हैं। श्री शेखावत ने अपने संबोधन में कहा कि हाल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप जीतकर देश का नाम रोशन किया है। आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। खेलों में उनकी उपलब्धियां देश की नई पहचान बन रही हैं। यह केवल खेल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया है। जब युवा खेल के मैदान में उतरते हैं, तब देश भी जीतता है। उन्होंने कहा कि जो विद्यालय खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, उन्हें सांसद कार्यालय की ओर से क्रिकेट किट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर से शुरू होकर ये प्रतियोगिताएं विधानसभा और फिर लोकसभा स्तर तक आयोजित होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *