जोधपुर : गहलोत का दावा- सीएम को हटाने का चल रहा षड्यंत्र

ram

– अच्छी योजनाओं को खत्म किया जा रहा
जोधपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीएम भजनलाल शर्मा को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को जयपुर और दिल्ली में हटाने का षड्यंत्र चल रहा है। उनकी पार्टी के ही विपक्षी लोग उनके खिलाफ षड्यंत्र कर रहे हैं। बार-बार मुख्यमंत्री को आगाह किया, लेकिन वह हमारी बात नहीं समझ पा रहे हैं। इनको पता नहीं चला रहा है कि क्या हो रहा है। पूर्व सीएम बुधवार को जोधपुर दौरे पर थे। यहां सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जनसुनवाई करें तो पता चल जाएगा कि जनता क्या चाहती है। हम विपक्ष में हैं। जन भावना जो होती है, जो लोग आकर कहते हैं या मीडिया में खबर आती है तो वो बात हम उठाते हैं। वो समझते हैं कि राजनैतिक आलोचनाएं सच्चाई नहीं है। इस भ्रम में रहेंगे तो मुख्यमंत्री को तकलीफ होने वाली है। सीएम के खिलाफ इनकी पार्टी के लोग लग चुके हैं। दिल्ली में भी और राजस्थान के अंदर भी। इन्हें हटाने का भयंकर षड्यंत्र चल रहा है। ये समझ नहीं रहे हैं और हम बार-बार समझा रहे हैं। गहलोत ने कहा कि यह कितनी बड़ी बात है कि पहली बार विधायक बनने वाले को मुख्यमंत्री बनाया जाता है तो उनको प्रदेश की जनता के हित का काम करना चाहिए था। हमारी सरकार की अच्छी योजनाओं को खत्म किया जा रहा है। जनता त्राहिमाम कर रही है। गहलोत ने कहा कि युवाओं को गलत जानकारियां दी जा रही हैं। इसके लिए उन्हें सोशल मीडिया और एआई तकनीक का प्रयोग करना चाहिए, ताकि देश के सही हालत की पहचान की जा सके। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से डेढ़ साल बनाम कांग्रेस के 5 साल के कार्य को लेकर दिए गए बयान पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करता हूं कि उन्होंने इतना साहसिक बयान दिया है। जनता के बीच और मीडिया के माध्यम से जो हमें जन समस्याओं की जानकारी मिलती है, हम उन मुद्दों की तरफ सरकार का ध्यान आकर्षित करते हैं, जिसे वह राजनीतिक आलोचना समझ रहे हैं। अभी सरकार बने हुए महज डेढ़ साल हुआ है, तो हम कोई भी राजनीतिक आरोप नहीं लगाना चाहते हैं। हम केवल जन समस्याओं की तरफ सरकार का ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आज भाजपा आपातकाल को लेकर बार-बार बयान देती है, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने उस समय परिस्थिति को देखते हुए आपातकाल लगाया था। कांग्रेस ने इसका परिणाम भुगता और करारी हार हुई। इसके बाद इंदिरा गांधी और हमारे राष्ट्रीय नेताओं ने इस बात को स्वीकार किया कि आपातकाल लगाना सही निर्णय नहीं था। जब कांग्रेस इस बात को मान चुकी है तो बार-बार इसके लिए बयान देना उचित नहीं है। अशोक गहलोत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास कोई स्वतंत्रता सेनानी नहीं है। इसलिए अब वह मीसा (मेंटेनेंस ऑफ इंटरनल सिक्योरिटी एक्ट) बंदियों को ही स्वतंत्रता सेनानियों की तरह सम्मानित कर रही है। उनको पेंशन देने का काम कर रही है।
बंगालियों को बांग्लादेशी बता रहे हैं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से पश्चिम बंगाल के लोगों को बांग्लादेश भेज देने के बयान पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग पश्चिम बंगाल के ऐसे लोग जो बंगाली बोलते हैं, उन्हें भी बांग्लादेशी बता रहे हैं। उनके विरुद्ध भावनाएं भडक़ाने का प्रयास करते हैं। गहलोत ने कहा कि धार्मिक आधार पर देश को बांटने का जो प्रयास किया जा रहा है यह देश की एकता और अखंडता के लिए खतरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *