– नगर पालिकाओं में रैली और शपथ कार्यक्रम से गूंजा राष्ट्रप्रेम
– शेरगढ़ व चामू ब्लॉक में राजीविका कार्यकर्ताओं ने निकाली तिरंगा रैली
– जन-जन तक पहुंचा तिरंगे के सम्मान का संदेश
जोधपुर। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत चल रहे “हर घर तिरंगा” अभियान में जोधपुर जिले की नगर पालिकाओं और विभिन्न विकास परियोजनाओं में उत्साह का माहौल है। नगर पालिका पीपाड़ शहर, नगर पालिका बालेसर, नगर पालिका भोपालगढ़ और नगर पालिका बिलाड़ा में बुधवार को एक साथ तिरंगा रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी, स्वयंसेवी और नगर पालिका कर्मचारी शामिल हुए। इन सभी नगर पालिकाओं में निकाली गई रैलियों में प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों से पूरे नगर को गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को तिरंगे के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की स्मृति में सामूहिक शपथ दिलाई गई। नागरिकों ने संकल्प लिया कि वे स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर अभियान को सफल बनाएंगे।
राजीविका कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी- ब्लॉक शेरगढ़ और चामू परियोजना, जोधपुर के अंतर्गत कार्यरत राजीविका महिला कार्यकर्ताओं ने भी “हर घर तिरंगा” अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने संगठित होकर तिरंगा रैली निकाली और ग्रामीण इलाकों में अभियान के महत्व को समझाते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ने का आह्वान किया।
अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील- जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री आशीष कुमार मिश्रा ने कहा कि नगर और ग्रामीण क्षेत्रों की यह व्यापक भागीदारी “हर घर तिरंगा” अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दे रही है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति की भावना को और सशक्त करें।

जोधपुर : हर घर तिरंगा अभियान में नगर पालिकाओं और राजीविका कार्यकर्ताओं की उत्साही भागीदारी
ram