जयपुर: कांग्रेस को मनरेगा में सुधार से क्या परेशानी?, मोदी सरकार ने विकसित भारत को ध्यान में रखकर तैयार किया ‘वीबी—जी राम जी’ :— मदन राठौड़

ram

जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के वीबी जी राम जी योजना को लेकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शन पर पलटवार किया। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस को मनरेगा में सुधार से क्या परेशानी है। मनरेगा का नाम “विकसित भारत गारंटी- रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)—Viksit Bharat Guarantee for Rozgar and Ajeevika Mission(Gramin)” करने पर वीबी जी राम जी बना है, इसमें गलत क्या है, कांग्रेसी नेताओं को राम नाम से आपत्ति क्या है। कांग्रेसियों का प्रदर्शन, आंदोलन मुद्दा विहीन मुद्दा है। यह सिर्फ देश की जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है। कांग्रेस सिर्फ हंगामा करने के लिए मुद्दा विहीन विषय को मुद्दा बना रही है। ऐसे में कांग्रेसी नेताओं को संभलने की, सुधार करने की बेहद जरूरत है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनरेगा में विकसित भारत जोड़ने का काम किया तो क्या गलत किया ?, भ्रष्टाचार समाप्त किया तो क्या गलत किया?, रोजगार दिवस बढाने का काम किया तो क्या गलत किया?। इतना ही नहीं, मोदी जी ने मजदूरी का भुगतान 15 दिवस में करने का काम किया तो क्या गलत किया? राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता जहां विरोध करना चाहिए, वहां विरोध नहीं जता रहे। पश्चिम बंगाल में कोयला घोटाले मामले में ईडी की कार्रवाई को वहां की मुख्यमंत्री द्वारा प्रभावित किया जाता है, पश्चिम बंगाल में कांग्रेस को पनपने तक नहीं दिया जा रहा, इसके बावजूद कांग्रेस वहां विरोध नहीं जता रही है। कांग्रेसी नेता बिल्कुल हलके स्तर की राजनीति पर उतर आए है। बिना सोच वाली राजनीतिक पार्टी कांग्रेस एक ओर भ्रष्टाचारियों का साथ दे रही है, वहीं दूसरी ओर राष्ट्र प्रथम की भावना और विकसित भारत के सपने को पुरा करने की दिशा में कार्य करने वालों का विरोध कर रही है, यह समझ से परे है। कांग्रेसियों का विरोध भी दिखावा मात्र है, कहने को तो वे मौन अनशन पर थे, लेकिन उनके नेता मोबाइल पर बात कर रहे थे, मीडिया को बाइट दे रहे है, फिर कैसा मौन अनशन? भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि वीबी जी राम जी में प्रत्येक ग्रामीण परिवार को अब प्रति वर्ष 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई है। मजदूरी का भुगतान कार्य समाप्ति के अधिकतम 15 दिनों के भीतर करना अनिवार्य किया गया, देरी होने पर मुआवजे का प्रावधान किया गया। ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं को योजना बनाने और कार्यान्वयन में मुख्य जिम्मेदारी दी गई है। केवल शारीरिक श्रम ही नहीं, बल्कि कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता पर भी विशेष जोर दिया गया है। जॉब कार्ड अब पहचान के आधार पर बनेगा, जबकि पहले कांग्रेस के दौर में सेठों के भी जॉब कार्ड बना दिए गए, घोटाले हुए, मजदूरों की मजदूरी में गबन किया, उनके तत्कालीन मंत्री रमेश मीणा ने सार्वजनिक रूप से मनरेगा में घोटाले स्वीकार किया था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि आज परिवार में कुटुंब प्रबंधन की आवश्यकता है। परिवार के साथ मिलकर चर्चा करने, साथ बैठकर भोजन करने, पारिवारिक समस्याओं पर चर्चा करते हुए समाधान करने, मोबाइल से दूरी बनाने जैसे विषयों का प्रबंधन बहुत जरूरी है। राठौड़ ने कहा कि आज बच्चों में गुस्से की प्रवृत्तियां बढ़ती जा रही है, यह घातक है। ऐसे में शांत रहकर सोच समझकर बोलने पर संयमित बोला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *