जयपुर। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में हुक्काबार और नशाखोरी पर निरन्तर सख्त कार्रवाई कर रही है। प्रदेश में सभी प्रकार के अवैध मादक पदार्थों हुक्का आदि की रोकथाम के लिए स्पेशल टास्क फोर्स का गठन कर नशाखोरी को खत्म करने की दिशा प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। गृह राज्य मंत्री बेढ़म प्रश्नकाल के दौरान सदस्य राम सहाय वर्मा द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में पुलिस द्वारा कोटपा (COTPA) एक्ट में हुक्का बार संचालकों के खिलाफ निरन्तर कार्रवाई की जा रही है। जिस मकान या स्थान में हुक्काबार संचालित पाये जाते हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा कानून सम्मत कार्रवाई कर अपराधियों को निरुद्ध करने का काम किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया इस तरह की अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों पर कोटपा एक्ट के तहत कठोर कारवाई की जाएगी। गृह राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2022 में 55 हजार 326 तथा वर्ष 2023 में 25 हजार 885 हुक्का बार और अवैध गतिविधियां के मामले सामने आए थे। उस समय हुक्का बार और अवैध गतिविधियां चरम पर थीं। वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2024 तथा 2025 में पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप इस दौरान हुक्का बार और अवैध गतिविधियां के मामले घटकर 12 हजार 598 पर आ गए। इससे पहले विधायक वर्मा के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने बताया कि टोंक में पुलिस द्वारा 1 जनवरी 2023 से 3 दिसम्बर,2025 तक अवैध हुक्का बार पर कुल 5 कार्रवाइयां की गई हैं। इनमें से 4 प्रकरणों में स्थान के मालिक के विरूद्व भी पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई है। उन्होंने इन कार्रवाइयों के स्थान, बरामद सामग्री एवं गिरफ्तारी का सम्पूर्ण विवरण सदन के पटल पर रखा। बेढ़म ने बताया कि टोंक में कोटपा एक्ट के तहत 1 जनवरी 2023 से 31 दिसम्बर,2025 की अवधि में कुल 284 व्यक्तियों के विरूद्ध चालान कर नियमानुसार जुर्मानें की कार्रवाई की गई है तथा 8 व्यक्तियों के विरूद्व प्रकरण दर्ज किए गये हैं,उन्होंने इसका विवरण सदन की मेज पर रखा।
जयपुर: प्रदेश में हुक्काबार और नशाखोरी के विरुद्ध हो रही सख्त कार्रवाई- गृह राज्य मंत्री – स्पेशल टास्क फोर्स के गठन से नशाखोरी को खत्म करने की दिशा में हो रहा कार्य
ram


