जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने सांख्यिकी अधिकारी (सांख्यिकी विभाग) भर्ती-2025 को लेकर एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। इसमें आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों के पास विज्ञापन में निर्धारित अनिवार्य शैक्षणिक योग्यता और अनुभव नहीं है, वे अपना ऑनलाइन आवेदन विड्रॉ कर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन लिंक 23 जनवरी से 3 फरवरी 2026 तक सक्रिय रहेगा।
गलत जानकारी देने पर 3 साल डिबार
आयोग सचिव ने बताया कि रैंडम सैंपल जांच में सामने आया है कि कतिपय अभ्यर्थियों ने योग्यता न होने के बावजूद आवेदन कर दिया है। अतः शैक्षणिक योग्यता के संबंध में संदेहास्पद आवेदकों को आगाह किया जाता है कि यदि ऐसे अभ्यर्थी अपात्र होने के बावजूद निर्धारित अवधि में अपना आवेदन वापस नहीं लेते हैं, तो कालांतर में जांच दौरान पकड़े जाने पर उन्हें आगामी 3 वर्षों के लिए भर्ती परीक्षाओं से डिबार कर दिया जाएगा। साथ ही, भारतीय न्याय संहिता की धारा 217 के तहत दंडात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।
क्या हैं अनिवार्य योग्यताएं
इस भर्ती (कुल 113 पद) के लिए मुख्य योग्यताएं इस प्रकार हैंः-
शैक्षणिक योग्यताः- अर्थशास्त्र, सांख्यिकी या गणित (सांख्यिकी पेपर के साथ) में कम से कम सेकंड क्लास मास्टर डिग्री। या वाणिज्य/कृषि सांख्यिकी में मास्टर डिग्री।
कंप्यूटर सर्टिफिकेटः- आरएससीआईटी या इसके समकक्ष प्रमाण पत्र।
अनुभवः- सरकारी विभाग या प्रतिष्ठित व्यावसायिक संस्थान में सांख्यिकीय कार्य का कम से कम 1 वर्ष का अनुभव।
नोटः- प्रथम श्रेणी मास्टर डिग्री, डॉक्टरेट या सांख्यिकी में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों और एससी/एसटी वर्ग के लिए अनुभव की शर्त में छूट दी गई है।
अन्यः- देवनागरी लिपि में हिंदी का कार्यसाधक ज्ञान और राजस्थानी संस्कृति की जानकारी।


