जयपुर। नगर निगम जयपुर आयुक्त डाॅ. गौरव सैनी के निर्देशानुसार तथा पूर्व से प्राप्त शिकायतों के आधार पर मंगलवार को सतर्कता शाखा ने व्यापक अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की। उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में विभिन्न स्थानों पर अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान गांधी नगर रेलवे स्टेशन गेट नंबर-1, गांधी नगर मोड़ से अरण्य भवन, टोंक रोड स्थित कैलाश टावर, सिरसी रोड डी-मार्ट के सामने, कांटा चौराहा, खिलनी फाटक एवं सीके बिरला हॉस्पिटल के सामने से अस्थाई अतिक्रमण हटवाया गया। उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान अस्थाई अतिक्रमण करने वालों से मौके पर ही 22 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला गया तथा 4 केन्टर सामान जब्त कर नगर निगम के गोदाम में भिजवाया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सतर्कता टीम द्वारा अतिक्रमण करने वालों को समझाइश दी गई और मौखिक रूप से पाबंद किया गया कि भविष्य में समय पर अस्थाई अतिक्रमण स्वयं हटा लें। अन्यथा नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान अथवा प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार शहर में यातायात व्यवस्था, पैदल यात्रियों की सुविधा और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा की कार्रवाई, 22 हजार का कैरिंग चार्ज वसूला, 4 केन्टर सामान जब्त
ram


