जयपुर: विधान सभा पहुँचने पर मंत्रीगण, विधायकगण और विधान सभा के अधिकारियों व कर्मचारियों ने किया देवनानी का अभिनंदन- बारबाडोस सम्मेलन और यू.के. अध्ययन यात्रा से लौटे विधान सभा अध्यक्ष

ram

जयपुर। विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का सोमवार को विधान सभा पहुंचने पर मंत्रीगण, विधायकगण और विधान सभा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अभिनंदन किया। देवनानी बारबाडोस में 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेकर और संसदीय परम्पराओं का यू.के. में अध्ययन यात्रा के बाद रविवार को लौटे है। देवनानी का विधान सभा कर्मियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर, साफा, फूल माला और दुपट्टा पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। देवनानी ने सभी विधान सभा कर्मियों के हाल-चाल पूछे। देवनानी के साथ इस यात्रा में प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा भी गये थे। उल्लेखनीय है कि बारबाडोस में 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में देवनानी ने राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया। सम्मेलन में राउंड टेबल परिचर्चा में लोकतंत्र को समर्थन देने के लिए हमारी संस्थानों का सुदृढ़ीकरण, जलवायु परिवर्तन और वैश्विक स्वास्थ्य के लिए इसका खतरा-स्थायी समाधान ढूँढना और सुशासन, बहुपक्षवाद और अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में राष्ट्रमंडल की भूमिका पर विचार व्यक्त किये। राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की राजस्थान शाखा के भी अध्यक्ष देवनानी ने राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की वार्षिक साधारण सभा में भी भाग लिया। लंदन यात्रा के दौरान देवनानी ने सावरकर हाउस, अम्बेडकर हाउस सहित ऐतिहासिक भवनों का अवलोकन किया। लंदन में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर देवनानी ने पुष्पाजंलि अर्पित की। यू.के. और बारबाडोस में भारतीय प्रवासी समुदाय से मुलाकात कर उनके योगदान और भारतीय संस्कृति व लोकतांत्रिक मूल्यों को विश्व में बढ़ावा देने के लिये किये जा रहे प्रयासों की सराहना की। देवनानी ने राजस्थान विधान सभा के डिजिटल पहल, महिला सशक्तिकरण, पारदर्शिता, समावेशी शासन मॉडल सहित सनातन संस्कृति के अनुरूप प्रकाशित विधान सभा कैलेण्डर और डायरी सहित विभिन्न नवाचारों को वैश्विक मंच पर साझा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *